फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने हरूनगला उपकेंद्र पर की तोड़फोड़, कर्मचारियों को पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बिजली कटौती से गुस्साए 40-50 उपभोक्ताओं ने सोमवार देर रात हरूनगला उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। वहां तैनात उपकेंद्र अधिकारी (एसएसओ) अमर सिंह व कर्मचारी अनिल कुमार, विजय सिंह, उस्मान ने लोगों के गुस्से से बचने के लिए गेट का चैनल बंद कर ताला डाल लिया। गुस्साए लोग ताला तोड़कर अंदर घुस गए। एसएसओ समेत कर्मचारियों को पीटा और उपकेंद्र में तोड़फोड़ भी कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। एसएसओ ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
विज्ञापन


हरूनगला उपकेंद्र के कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्या लगातार बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं हो रही। अग्रसेननगर और रामगंगानगर में लगातार 10-10 घंटे कटौती की जा रही है। बारिश के बाद रविवार तड़के कई इलाकों में गुल हुई बत्ती सोमवार शाम तक नहीं आई। कुछ इलाकों में शाम को आपूर्ति चालू हुई, पर कुछ देर बाद फिर से ब्लैक आउट हो गया। रात एक बजे के बाद 40-50 उपभोक्ता उपकेंद्र पर पहुंच गए। उन्होंने पहले हंगामा किया और बाद में उपकेंद्र में घुसकर कर्मचारियों की पिटाई कर दी।

इधर, दुर्गानगर उपकेंद्र के सम्राट अशोक नगर में मंगलवार को भी समस्या रही। यहां चार दिन से लगातार 10-12 घंटे तक तक कटौती जा रही है। मिशन कंपाउंड के किला, सिटी फीडर के उपभोक्ता मंगलवार को भी ट्रिपिंग से परेशान रहे। शाहदाना और सिविल लाइंस द्वितीय उपकेंद्र से जुड़े पुराना शहर के इलाकों में तीन से चार घंटे तक कटौती की गई। संवाद
विज्ञापन


बिजली गिरने से फुंके 12 ट्रांसफार्मर, 15 लाख का नुकसान
आंधी-बारिश में चरमराई बिजली आपूर्ति मंगलवार को भी रही बेपटरी
बरेली। दो दिन में आंधी-बारिश के दौरान बिजली गिरने से शहर में अलग-अलग स्थानों पर 12 ट्रांसफार्मर फुंके। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से 33 और 11 केवी लाइनें व खंभे भी क्षतिग्रस्त हुए। इस कारण शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था मंगलवार को भी बेपटरी रही। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ा।
पहले शुक्रवार आधी रात से शनिवार सुबह तक और फिर शनिवार आधी रात से रविवार सुबह तक सीजन की रिकार्ड बारिश ने शहर के सभी 24 बिजली उपकेंद्रों के फ्यूज उड़ा दिए। लाइनें टूटने व ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण शहर के कई इलाकों में 20-22 घंटे तक ब्लैक ऑउट रहा। सबसे ज्यादा दिक्कत हरूनगला, शाहदाना, किला, दुर्गानगर, सनसिटी, सदर कैंट, सिविल लाइंस द्वितीय व तृतीय, मिशन कंपाउंड, कुतुबखाना, महानगर, जगतपुर उपकेंद्रों से पोषित इलाकों में रही। बिजली गिरने से फुंके ट्रांसफार्मर समय से नहीं बदले जा सके। नमी और अर्थिंग के कारण 33 व 11 केवी की क्षतिग्रस्त लाइनें भी समय से ठीक नहीं की जा सकीं।
अधिशासी अभियंता (11 केवी वर्टिकल) सुरेंद्र गौतम ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर 12 ट्रांसफार्मर बिजली गिरने व अन्य कारणों से फुंके हैं। आंधी-बारिश से शहर में 15 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। फिलहाल, आकलन किया जा रहा है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें