बीडीए के मानचित्र समाधान दिवस में उठा मुद्दा, नई भवन उप विधि को लेकर मांगी गई जानकारी
बरेली। बीडीए के रामगंगानगर स्थित नए कार्यालय में बृहस्पतिवार को मानचित्र समाधान दिवस में एनओसी अटकने से निर्माण न हो पाने के मामले सामने आए। सचिव वंदिता श्रीवास्तव और कार्यवाहक मुख्य नगर नियोजक (सीटीपी) एपीएन सिंह ने लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान का भरोसा दिया। अब सप्ताह के प्रत्येक बृहस्पतिवार को दिन में 11 से एक बजे तक समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
समाधान दिवस में नई भवन उप विधि को लेकर भी जानकारी मांगी गई। आर्किटेक्ट मोइन अहमद ने एनओसी न मिलने से अटके मानचित्र के तीन मामले उठाए। उन्होंने बताया कि रामगंगानगर के सेक्टर चार में व्यावसायिक निर्माण, सेंट्रल पार्क और 100 फुटा रोड पर आवासीय निर्माण एनओसी न मिलने से अटक गए हैं।
प्रस्तावित कुबेर होम्स कॉलोनी के ले-आउट का मामला उठाया तो उन्हें बताया लगा कि रजिस्टर्ड डीड न होने की वजह अनुमोदन नहीं हुआ। डीड अपलोड कराई गई। आर्किटेक्ट चेतराम ने कहा कि बड़ा बाइपास के निकट पेट्रोल पंप के लिए भवन का निर्माण होना है। उनकी ओर से सलाह मांगने पर बीडीए के अधिकारियों ने नई भवन उप विधि का पालन करने के लिए कहा।
यहां पांच मामले आए। दो मानचित्र हाथों हाथ पास किए गए। बीडीए सचिव ने आवेदकों एवं वास्तुविदों से संवाद किया। अभियंताओं की टीम मौजूद रही। ब्यूरो