नगर निगम की टीम ने शनिवार को पैमाइश कर लगाए निशान, लोगों ने किया हंगामा
बरेली। जगतपुर में नगर निगम के पार्क की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर दुकान और भवन का निर्माण कर लिया। नगर निगम की टीम ने शनिवार को पैमाइश की तो आगे की ओर करीब 11 फीट और पीछे की तरफ करीब सात फीट तक कब्जा मिला। टीम ने निशान लगाना शुरू किया तो मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। टीम निशान लगाने और पैमाइश पूरी करने के बाद लौट आई।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले हुई बैठक में नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्यों ने जमीन पर कब्जे की बात कही थी। इसके बाद नगर निगम की टीम ने शनिवार को टीम भेजकर जांच कराई। पैमाइश के दौरान एक दुकान के आगे करीब 11 फ ीट और पीछे करीब 7.6 फ ीट अतिक्रमण चिह्नित किया गया। इसी तरह जो अवैध निर्माण हैं, उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। सभी को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कब्जेदारों ने खुद से कब्जे नहीं हटाए तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।