बरेली। जंक्शन स्थित जीआरपी थाने में तैनाती सिपाही हरिओम ने गंदगी फैलाने वालों का नियमानुसार चालान कर उनसे एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। यह धनराशि सरकारी खजाने में जमा भी करा दी, लेकिन किसी ने रुपये लेते हुए सिपाही का वीडियो बनाकर उसे रिश्वतखोरी के रूप में पेश किया।
फरीदपुर कस्बे के कुछ युवा शुक्रवार रात बरेली से हरिद्वार जाने के लिए निकले थे। जंक्शन पर ट्रेन के इंतजार के दौरान डस्टबिन में कुल्ला किया और गंदगी फैलाई। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही हरिओम ने इसे देख लिया। युवकों से पूछताछ की और जंक्शन पर गंदगी फैलाने के एवज में जुर्माना भरने के लिए कहा। इस पर आरोपी माफी मांगने लगे। इसी दौरान सिपाही ने चालान बुक निकालकर लिखा-पढ़ी कर दी और जुर्माने के एक हजार रुपये वसूल किए।
इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि किसी खुराफाती ने वीडियो बनाकर उसको गलत तरीके से पेश करने के साथ सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। सिपाही पर रिश्वत लेते के आरोप गलत हैं।