बरेली। चकबंदी लेखपाल परीक्षा के दौरान श्रीकृष्ण इंटर कालेज नवाबगंज में मदन सिंह के स्थान पर उन्नाव के पेपर सॉलवर गोविंद द्विवेदी को पकड़ लिया। जिले पुलिस के हवाले कर दिया है। आंवला के महाशय दीनानाथ गुप्ता हायर सेकें ड्री स्कूल में अभ्यर्थियों ने आधा घंटे देरी से प्रश्नपत्र मिलने पर हंगामा काटा। अधिकारियों के आधा घंटे देरी तक का समय मिलने पर ही शांत हुए। बहेड़ी के प्रिया अल्पसंख्यक इंटर कालेज में कुछ अभ्यर्थियों ने समय से पहले प्रश्नपत्र खोेलने का आरोप लगाया है। प्रशासन ने 41 हजार परीक्षार्थियों को जिले के 80 केंद्रों पर परीक्षा कराने के लिए इंतजाम किए थे। लेकिन 9515 अभ्यर्थियों ने दूसरी पारी में परीक्षा छोड़ दी, जबकि पहली पारी में 8795 ने परीक्षा छोड़ी थी।
श्री कृष्ण इंटर कालेज नवाबगंज में पहली पारी की परीक्षा के 45 मिनट बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद शकील खां को एक कॉल के माध्यम से गोपनीय सूचना मिली कि कमरा नंबर छह में मदन सिंह के स्थान पर दूसरा युवक परीक्षा दे रहा है। उसी सूचना पर पड़ताल की तो हकीकत सामने आ गई। मदन सिंह के स्थान पर उन्नाव जिले के थाना शुक्लागंज के रामनगर निवासी गोविंद द्विवेदी नाम का युवक परीक्षा दे रहा है। जो कि पॉलीटेक्निक का छात्र है। उसके पिता साइकिल से पूजा की सामग्री बेचने का काम करते हैं। गोविन्द ने बताया कि एक दूकान पर बैठने के दौरान ही उसकी मदन सिंह से जान पहचान हो गई और उसने गोविंद को अपने बदले पेपर देने के बदले तीन हजार देने का सौदा किया था। वह लालच में फँस गया और मात्र तीन सौ रुपए एडवांस लेकर उसकी जगह परीक्षा देने आ गया।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने बताया कि गोविंद टाँडा निवासी मदन सिंह के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। जिसका अनुक्रमांक 1215446 है। इस मामले में प्रधानाचार्य आरएन दीक्षित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। देर शाम प्रधानाचार्य की तहरीर पर आरोपी मुन्नाभाई गोविंद और मदन सिंह के विरुद्ध धारा 420,467 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया है।