Congress opposes Notbandi on blocks
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
नोटबंदी के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को जनआक्रोश दिवस मनाते हुए ब्लाकस्तर पर प्रदर्शन किया। प्रदेश हाईकमान के आह्वान पर सभी ब्लाक इकाइयों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए नोटबंदी को जनविरोधी बताया। जनाक्रोश पदयात्राएं निकाली गईं। शहर में सोमवार को जनआक्रोश दिवस मनाकर कांग्रेसी नोटबंदी के विरोध में एक किलोमीटर तक मार्च करेंगे।
पार्टी के मंडल प्रभारी यूसुफ कुरैशी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पैदल मार्च की शुरुआत सोमवार को सुबह 11 बजे कोतवाली के सामने स्थित अंबेडकर पार्क से होगी। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन और व्यापारी भी शामिल होंगे। पैदल मार्च चौकी चौराहा तक निकाला जाएगा। कुरैशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने नोटबंदी और बैंकों से पैसे निकालने की सीमा तय करके जनता को परेशान किया है। भोजीपुरा ब्लाक में पीसीसी सदस्य पीएल शर्मा और ब्लाक अध्यक्ष नवी हसन के नेतृत्व में जनाक्रोश पदयात्रा निकाली गई। इसमें डॉ. विष्णुदेव, सरवर अली, ओमकार दिवाकर, नवी अहमद, विजय शर्मा, बीएल कश्यप, रामपाज प्रजापति, विजय सिंह आदि शामिल रहे। बिथरीचैनपुर में ब्लाक प्रभारी मैदानशाह के नेतृत्व में जनाक्रोश यात्रा निकाली गई। इसमें केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। शेखर सिंह, राहुल, विजय कुमार, अरशद अली, श्यामबिहारी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय ने बताया कि जिले के सारे कार्यकर्ता सोमवार को शहर में निकलने वाली जनाक्रोश पदयात्रा में भाग लेंगे। महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम ने इसकी तैयारी की है।