विश्वविद्यालय प्रशासन ने चूक मानी, दोबारा जारी किया जाएगा शेड्यूल
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को जारी बीए, बीएससी, बीकॉम की मुख्य परीक्षा के प्रस्तावित शेड्यूल ने छात्रों को असमंजस में डाल दिया है। दरअसल इस शेड्यूल में बीकॉम थर्ड ईयर के ग्रुप ए-1 की परीक्षा की तिथियां शामिल नहीं हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चूक स्वीकार करते हुए जल्द संशोधित शेड्यूल जारी करने को कहा है।
शेड्यूल के अनुसार एक मई से बीए, बीएससी, बीकॉम के फर्स्ट, सेकंड और थर्ड ईयर की परीक्षाएं शुरू होंगी। इसमें करीब साढ़े चार लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें से करीब डेढ़ लाख परीक्षार्थी व्यक्तिगत होंगे। शेड्यूल में एक मई को विभिन्न विषयों के ग्रुप ए-1 की परीक्षा का कार्यक्रम दिया गया है लेकिन बीकॉम थर्ड ईयर के ग्रुप ए-1 की परीक्षा का कार्यक्रम नहीं है। इस वजह से छात्रों में असमंजस पैदा हो गया है। रविवार को दिन भर छात्र अपने विभागाध्यक्ष और शिक्षकों को फोन कर जानने की कोशिश करते रहे कि उनकी परीक्षा कब होगी। कुछ छात्रों और शिक्षकों ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को फोन किया तो बताया गया कि तकनीकी खामी से परीक्षा की तिथि पीडीएफ फार्मेट में प्रिंट नहीं हो सकी। देर शाम को दोबारा पीडीएफ मुहैया कराई गई।
हालांकि इस पीडीएफ में भी बीकॉम थर्ड ईयर के ग्रुप ए-1 की परीक्षा का जिक्र नहीं है। मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि परीक्षा का शेड्यूल प्रस्तावित है। आपत्ति दर्ज कर ली गई है। सुधार के बाद दोबारा शेड्यूल जारी किया जाएगा। बरेली कॉलेज बीकॉम के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि सुबह से परीक्षा कार्यक्रम जानने के लिए छात्र उन्हें फोन कर रहे हैं।