बहेड़ी। थाना क्षेत्र के गांव अरसिया बोझ में जमीन की नाप को लेकर दो पक्षों में विवाद गहरा गया। पुलिस ने छह नामजद समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीलीभीत के सिविल लाइन नार्थ स्थित केजीएन फर्स्ट कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय शकीलउर्रहमान ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी की जमीन पर लगे पापुलर के पेड़ चोरी से काट लिए गए और जमीन पर अवैध निर्माण करा लिया गया। जब उन्होंने और उनके पुत्र ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शफीउद्दीन, कमरान मलिक, समीर मलिक, नईम मलिक उर्फ छोटू , जावेद मलिक और तंसील मलिक को नामजद किया है। इसके अलावा 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी मामले में शामिल किया गया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं। जमीन की नाप को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि पिछले करीब डेढ़ साल में वादी के 20 से 25 पेड़ तोड़े गए और जमीन पर दीवार का निर्माण कराया गया। खास बात यह है कि दोनों पक्षों की जमीन की अब तक आधिकारिक नाप नहीं हुई है। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संवाद