बहेड़ी। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने खमरिया में पक्का बांध बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को सर्वे करने के लिए कहा। एक सप्ताह में रिपोर्ट उन्हें भेजने के निर्देश दिए। एक सप्ताह बाद इस पर बैठक होगी। इसमें किसानों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा।
समाधान दिवस में पहुंचे डीएम अविनाश सिंह व एसएसपी अनुराग आर्य के सामने कुल 143 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ 21 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। इस दौरान डीएम ने पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का तय समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए। सभासद सलीम चंदा, ताहिर पप्पू, राकेश मिश्रा ने शेरगढ़ चौराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। कहा कि पीडब्ल्यूडी ने नाला बनाने के लिए इस जमीन को खरीदा था। दबंगों ने निर्माण ही नहीं होने दिया। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जांच के निर्देश दिए।
राकेश गंगवार ने केसर चीनी मिल से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग की। आदर्श कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी, सिंह गौंटिया, जाजू नागर, केशवपुरम आदि के निवासियों ने केसर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने की मांग की। शिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों ने पौधरोपण किया। डीएम ने अधीनस्थों के साथ बैठक करके शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए कहा। तहसीलदार को कार्यशैली में बदलाव लाने के निर्देश दिए।
-
97 शिकायतें आईं, सात का ही मौके पर निस्तारण
फरीदपुर। तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को 97 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ सात का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। इस वजह से शिकायतकर्ता निराश हुए। इस मौके पर एसडीएम मल्लिका नैन, तहसीलदार सुरभि राय सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद
-
राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें अधिक
मीरगंज/आंवला। एडीएम (न्यायिक) देश दीपक सिंह एवं उपजिलाधिकारी मीरगंज तृप्ति गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को 27 शिकायतें आईं। इनमें राजस्व विभाग की आठ, पुलिस की छह, आपूर्ति विभाग से संबंधित पांच शिकायतें रहीं। विकास की तीन, विद्युत की दो, वन विभाग व नगर विकास विभाग से संबंधित एक-एक शिकायत आई। एक शिकायत अन्य रही। इनमें से सिर्फ दो का ही निस्तारण मौके पर हो सका। आंवला में एडीएम (ई) पूर्णिमा सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां 69 शिकायतें आईं। मौके पर केवल सात का ही निस्तारण हो सका। संवाद
-
अतिक्रमण बना समस्या, करें समाधान
संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ के सामने उठा मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को अतिक्रमण का मुद्दा उठा। अधिवक्ता ओमेंद्र देव आर्य ने दर्ज कराई शिकायत में कहा कि मुख्य मार्ग के किनारे दुकान चलाने वाले सामान सड़क पर रखते हैं।
एडवोकेट प्रेक्टिशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी माजिद हुसैन जैदी, सचिव दुष्यंत गंगवार, पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह गंगवार, लक्ष्मी नारायन गंगवार ने तहसील चौराहे पर नाले पर दुकान बनाकर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया। सीडीओ देवयानी ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अतिक्रमण को लेकर ज्ञापन सौंपा। अन्य कई मांगे भी उठाईं।
सीडीओ ने एसडीएम उदित पवार को इनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. दत्तराम गंगवार, अरशद अली, शमशुल हसन, मो. असलम अंसारी आदि शामिल रहे।
मौके पर समाधान न मिलने से फरियादी निराश
यहां कुल 145 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस वजह से फरियादी निराश हुए। इस दौरान एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, एसडीएम उदित पवार, सीओ गौरव सिंह, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।