बरेली। प्रेमनगर स्थित प्रतिष्ठित स्कूल के छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से सहपाठी छात्राओं की तस्वीरों को अश्लील बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामला छात्राओं के संज्ञान में आया तो आरोपी ने माफी मांगकर तीन अकाउंट व सामग्री डिलीट कर दी। दोबारा फिर हरकत की तो साइबर थाने में रिपोर्ट कराई गई है। पीड़ित छात्राओं में इंस्पेक्टर की बेटी भी शामिल है। आरोपी छात्र वकील का बेटा बताया जा रहा है।
मुरादाबाद में तैनात इंस्पेक्टर का परिवार बरेली में रहता है। उनकी पत्नी ने साइबर थाने में रिपोर्ट कराई कि उनकी बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा है। किसी ने उनकी बेटी और उसकी सहेलियों के इंस्टाग्राम प्रोफाइल से उनकी तस्वीरें चुराईं। इन तस्वीरों को एआई से अश्लील बनाकर दो फर्जी इंस्टाग्राम खातों से वायरल कर दिया। पता चलने पर छात्राओं ने रिपोर्ट कर अकाउंट को बंद करवा दिया। इसके तुरंत बाद आरोपी ने दूसरा अकाउंट बनाकर तस्वीरें फिर से वायरल कर दीं।
इंस्पेक्टर की बेटी ने यह बात अपने बड़े भाई को बताई तो उसने आरोपी के मोबाइल नंबर की जानकारी कराई। पता लगा कि यह नंबर 12वीं के ही दूसरे सेक्शन के एक छात्र का है। छात्रा के भाई ने डांटा तो आरोपी ने अपने तीनों इंस्टाग्राम अकाउंट हटा दिए। 29 जून को आरोपी ने एक नया इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। इससे उसने कुछ और छात्राओं की तस्वीरें अपलोड कीं और फिर क्षमा करें लिखकर अनुरोध भेजा। छात्राओं ने इस अनुरोध का स्क्रीनशॉट ले लिया। इंस्पेक्टर की बेटी ने पहले ही साइबर अपराध पोर्टल पर इस घटना की शिकायत दर्ज करा दी थी। छात्रा की मां ने अधिकारियों से कार्रवाई का अनुरोध किया। एसएसपी ने एसपी क्राइम मनीष सोनकर से प्रारंभिक जांच कराई। सोमवार को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
वर्जन
सोशल मीडिया पर निजता के अधिकार के उल्लंघन के साथ ही नाबालिग छात्राओं के अश्लील कंटेंट बनाने का मामला संज्ञान में आया है। आरोपी भी उसी स्कूल का विद्यार्थी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में साबित हुआ है कि उसी ने ये हरकत की है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। - अनुराग आर्य, एसएसपी