भमोरा। ग्राम पंचायत देवचरा में फर्जी तरीके से विद्यालय का संचालन करने पर संचालक इंगलेश कुमार के खिलाफ तहरीर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आलमपुर जाफराबाद सतीश वर्मा ने थाने में बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
बीईओ सतीश वर्मा ने पुलिस को बताया कि आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत मिली थी कि देवचरा में आदर्श शिक्षा निकेतन विद्यालय का संचालन फर्जी तरीके से किया जा रहा है। जांच में विद्यालय बंद मिला। वहां कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद संचालक इंगलेश कुमार को नोटिस जारी किया गया और नोडल संकुल को भी अवगत कराया गया। उनसे अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। जांच में पता लगा कि विद्यालय की मान्यता किसी अन्य व्यक्ति के पास है, लेकिन संचालन दूसरा व्यक्ति कर रहा है। जांच शुरू होने के बाद से आरोपी संचालक भागा हुआ है।
बीईओ ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को प्राथमिक विद्यालय देवचरा और कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को उच्च प्राथमिक विद्यालय क्योना शादीपुर में समाहित किया गया है। एसएचओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत, आरोपी संचालक से संपर्क किया गया, लेकिन उनका फोन स्विच्ड ऑफ था।