नवाबगंज। नगर पालिका परिषद की ओर से निर्माणाधीन नाले की खोदाई के दौरान टिंकू शर्मा और राहुल शर्मा की दो दुकानें गिरने के बाद ठेकेदार ने मुआवजा दे दिया है। शनिवार शाम 4:00 बजे हुई घटना के बाद दुकानदारों ने सड़क पर जाम लगाया था। सूचना पर एसडीएम उदित पंवार, सीओ गौरव सिंह, नायब तहसीलदार शोभित चौधरी समेत नगरपालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ। ठेकेदार ने रविवार को नगरपालिका के सहयोग से मलबा हटवाया। क्षतिग्रस्त सामान 56,000 रुपये का आंका गया। ठेकेदार ने यह धनराशि दुकानदार के बैंक खाते में जमा कर दी है और खराब मशीनें भी खरीद कर देगा। 19 लाख 52 हजार रुपये की लागत से नाले का निर्माण राधा वल्लभ कंस्ट्रक्शन फर्म कर रही है।