बरेली। बारिश से रविवार को शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे आवागमन और जनजीवन दोनों प्रभावित हुआ। बदायूं रोड के इलाके में सर्वाधिक बारिश हुई। नतीजा, मढ़ीनाथ इलाके में सड़कों पर पानी भर गया। कई दोपहिया वाहन पानी के बीच बंद हो गए। उनको खींचकर ले जाना पड़ा। सुभाषनगर पुलिया के नीचे भी जलभराव ने यातायात की रफ्तार को धीमा कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बदायूं रोड के आसपास का इलाका नीचा होने के कारण जरा सी बारिश में भी यहां जलभराव हो जाता है। नाले-नालियों की ठीक से सफाई न होने के कारण स्थिति और खराब हो जाती है। बारिश का पानी नालियों में प्रवाहित होने के बजाय सड़कों पर बहने लगता है।
जलभराव की सूचना पर नगर निगम की ओर से विभिन्न स्थानों पर मोटर व पंप सेट लगाए गए। तब जाकर कई घंटे बाद लोगों को जलभराव से कुछ राहत मिल सकी। लोगों ने मांग की है कि बरसात के दिनों में ऐसी समस्याओं से बचने के लिए नगर निगम को नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए। एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि निचले इलाकों में जलभराव हो जाता है। पानी की निकासी के लिए मोटर की व्यवस्था रहती है।