बरेली। कमिश्नर के साथ कानून व्यवस्था की बैठक में सेना के अधिकारियों ने आर्मी और वायु सेना क्षेत्र के आसपास के शहरी तथा 22 गांवों में सुरक्षा का मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके लिए प्रशासन से मदद मांगी है। तय हुआ है कि अगले महीने से पुलिस - प्रशासन के साथ विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसमें प्रत्येक मकान मालिक तथा उनमें रहने वाले किराएदारों का ब्योरा होगा। इसके अलावा आस-पास के प्रमुख स्थानों पर भी स्थाई चौकसी रहेगी। जिसे समय - समय पर अपडेट कराने की जिम्मेदारी थाना प्रभारियों की रहेगी।
कमिश्नरी में कानून व्यवस्था को लेकर बुलाई गई मंडलीय बैठक में पाकिस्तानी खुफिया एजेंट इजाज की गिरफ्तारी और पठान कोट में वायुसेना बेस पर हुए हमले के बाद ये रणनीति बनाई गई। जिसमें लंबे अर्से के बाद सेना के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सेना और वायुसेना क्षेत्र के लगे 17 गांवों तथा बरेली नगर क्षेत्र की बस्तियों में प्रत्येक मकान का विस्तृत ब्योरा तैयार करने का निर्णय लिया । इन क्षेत्रों में किराएदार के मकान खाली करने या फिर नए किराएदार के आने की जानकारी आईडी के साथ देनी होगी, जिसका संबंधित जिले और शहर से सत्यापन कराया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री सहित कुछ खास वीवीआईपी का ही विमान अब त्रिशूल एयर बेस पर लैंड कर सकेे गा। इनकी अगवानी के लिए भी कम से कम लोगों को पास जारी किए जाएंगे। सेना ने आपात स्थिति में इस्तेमाल करने के लिए शहर व जिले के सरकारी व प्राइवेट हेलीपैड का ब्योरा भी मांगा है।
वायुसेना बेस में इस तरह रहेगी सुरक्षा
- 17 गांवों में रहने वाले परिवारों की कुंडली बनेगी
-अधिकतम आठ लोगों को अगवानी को ही मिलेंगे पास
- कैंटीन आदि के ठेकेदारों का हर तीन महीने बाद सत्यापन
-परिसर में काम करने वाले मजदूरों की हर महीने जांच
-इलेक्ट्रानिक आइटम के साथ प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा
उत्तर भारत एरिया की सुरक्षा
-कें टोनमेंट क्षेत्र और सात गांवों के परिवारों का ब्योरा तैयार होगा
-मजदूरों और सफाई कर्मियों का सेना व पुलिस करेगी सत्यापन
- खाद्य सामिग्री की आपूर्ति की रोजाना विशेष जांच होगी
-
इन गांवों का बनेगा रिकार्ड
परतापुर चौधरी, कर्मचारी नगर, बसंत विहार, रहपुरा चौधरी, असरफ खां छाबनी, महलऊ, सिद्धार्थनगर कालोनी, भीमनगर कालोनी, रामनगर कालोनी, कर्मपुर चौधरी, आलोक नगर, कंजादासपुर, नगरिया परक्षित, न्यू मॉडल रेेलवे कालोनी, बिहारकला, परतापुर जीवन सहाय, सन सिटी, पीर भगोड़ा, चावरमुड़िया मुड़िया अहमदनगर, भरतौल, ठिरिया निजामत खां, बभिया, कांधरपुर, नकटिया, कृष्णानगर, गोटिया, शिकारपुर, अटा पट्टी, सुंदरासी, गोविंदापुर ठिरियामोहनपुर, सेदपुर, उमरिया, पदारथपुर, नरियावल।
गणतंत्र दिवस को लेकर सतर्कता
बैठक में गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सेना क्षेत्र के आसपास सुरक्षा की दृिष्ट से पुलिस एवं प्रशासनिक टीम की ओर से संयुक्त चेकिंग का फैसला लिया है। होटल, धर्मशाला, सराय आदि में ठहरने वालों की सूची भी प्रतिदिन थाना प्रभारियों के माध्यम से ली जाएगी। 20 जनवरी से सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलेगा।
ये रहे मौजूद
कमिश्नर प्रमांशु कुमार के अलावा वायु सेना के विंग कमांडर एम विनय कुमार, यूबी एरिया के मेजर दत्ता, डीआईजी आरकेएस राठौर, एसएसपी धर्मवीर, प्रभारी डीएम शिव सहाय अवस्थी, आईबी, एसटीएफ, एलआईयू तथा अन्य खुफि या एजेंसियों के अधिकारी।