पिछले सप्ताह रेलवे स्टेशन रोड स्थित कान्हा गोशाला के सामने वेल्डिंग के दौरान तेल टैंकर में विस्फोट हो गया था, जिसमें एक हेल्पर की मौत हो गई थी। इसको लेकर पिछले दिनों एसडीएम व तीनों प्रमुख कंपनियों के डिपो प्रबंधक के बीच बैठक हुई थी। इसमें निर्णय हुआ था कि अवैध पार्किंग में खड़े होने वाले टैंकरों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी डिपो अपने टैंकर डिपो के पार्किंग में ही खड़े कराएंगे ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
इसी क्रम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम काॅरपोरेशन प्रबंधक सौरभ सिंह की ओर से एसडीएम को पत्र लिखा गया। इसमें बताया गया कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित कंपनी के डिपो में पेट्रोल, डीजल, केरोसीन, इथेनॉल आदि ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किया जाता है। डिपो प्रदेश सरकार के नोटिफिकेशन के तहत एक निषिद्ध क्षेत्र है। ऐसे में चहारदीवारी से सटकर भवन निर्माण व प्लाॅटिंग का कार्य जारी है। इससे हादसे की संभावना बनी हुई है। इधर, एसडीएम नहने राम ने इस मामले में तहसीलदार को जांच करने के निर्देश दिए हैं। संवाद