बीडीए की टीम पहुंचने से पहले ही कॉलोनाइजर ने बंद किया ऑफिस।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा के पास 115 बीघा पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर बीडीए का शिकंजा
बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा के पास अवैध कॉलोनी विकसित होेने की सूचना पर बीडीए की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही कॉलोनाइजर ने प्लाट की बिक्री के लिए लगे होर्डिंग्स हटा लिया और साइट आफिस को बंद कर दिया। टीम ने बीडीए के सचिव अंबरीश कुमार को रिपोर्ट दी है कि मौके पर केवल बाउंड्री बनी है। अनधिकृत तौर से कोई निर्माण करने की कोशिश हुई तो भूस्वामी को नोटिस देने के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा से करीब सौ मीटर पहले खिरका जगतपुर में सड़क से लगी करीब 115 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से प्लाटिंग हो रही थी। बताते हैं कि बिल्डर ने कई प्लाट छह हजार से लेकर 14 हजार रुपये प्रति गज के हिसाब से बेचना भी शुरू कर दिया। बिल्डर ने बाकायदा वहां अपना साइट ऑफिस तक बना रखा था। बिक्री के लिए हाईवे के किनारे होर्डिंग्स लगा रखे थे, लेकिन इसकी सूचना जब बीडीए के सचिव अंबरीश कुमार तक पहुुंची तो उन्होंने जेई केके शर्मा के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजा, लेकिन सूचना लीक हो जाने से कॉलोनाइजर ने वहां प्लाट बिक्री को लगाए होर्डिंग्स पहले ही हटवा दिए। साथ ही साइट आफिस भी बंद कर दिया। इसके अलावा वहां पड़ा चूना भी हटाने के साथ कुछ जगह पर मिट्टी खोद दी। ताकि ऐसा न लगे कि वहां प्लाटिंग हो रही थी।
मैंने मौके पर टीम को भेजा था। वहां अभी निर्माण नहीं चल रहा है। होर्डिंग्स भी न लगे होने से फिलहाल कार्रवाई नहीं हो सकी है। जेई से निर्देशित किया है कि वहां अवैध कॉलोनी बनाने की कोशिश होती है तो तुरंत कार्रवाई करें। -अंबरीश कुमार, सचिव, बीडीए