मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग: दिल्ली जा रहे फरीदपुर के विपक्षी नेता नजरबंद। कांग्रेस क
- फोटो : Police
फरीदपुर। तहसील फरीदपुर में तैनात लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष व क्षेत्रीय लेखपाल पंकज यादव पर रिश्वत लेकर फर्जी रिपोर्ट तैयार करने और एक महिला का हक छीनने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि लेखपाल ने दूसरे पक्ष से सांठगांठ कर पीड़िता के मृत पति को अभिलेखों में अविवाहित दर्शा दिया और करोड़ों की जमीन उसके भतीजों के नाम वरासत में दर्ज करा दी। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि दर्ज प्राथमिकी के आरोपी कॉलम से लेखपाल का नाम गायब मिला। हालांकि क्षेत्राधिकारी ने इसे लिपकीय त्रुटि बताते हुए विवेचना के दौरान नाम बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्र के गांव फर्रखपुर मझौआ निवासी अनवर जहां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति स्वर्गीय सुलेमान खान की मृत्यु के बाद उन्होंने नियमानुसार वरासत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। पीड़िता का आरोप है कि पति के भाइयों के पुत्रों सदाकत खां, शहंशाहवली, शराफत खां, अशफाक खां व इंतजार खां ने क्षेत्रीय लेखपाल पंकज यादव के साथ मिलकर एक आपराधिक षड्यंत्र रचा। लेखपाल पंकज यादव ने कथित तौर पर मोटी रकम लेकर और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए नायब तहसीलदार न्यायालय में फर्जी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी कि सुलेमान खान की शादी ही नहीं हुई थी और वे अविवाहित मरे हैं। पीड़िता का कहना है कि लेखपाल ने बिना किसी निष्पक्ष व उचित जांच के मनमाने तरीके से रिपोर्ट लगाई। अनवर जहां के अनुसार, उनके पास निकाहनामा, निकाह की रसीद, मूल निवास प्रमाण पत्र व अन्य सरकारी दस्तावेज मौजूद हैं।
लेखपाल का नाम किया शामिल
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने कहा कि त्रुटिवश लेखपाल का नाम प्राथमिकी के आरोपियों वाले कॉलम में छूट गया है। पीड़िता की दी गई मूल तहरीर के आधार पर विवेचना के दौरान लेखपाल का नाम आरोपियों में बढ़ा दिया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
लेखपाल ने आरोपों को बताया गलत
आरोपी लेखपाल पंकज यादव ने बताया कि नायब तहसीलदार के कोर्ट से वरासत दर्ज हुई, उन्होंने कोई रिपोर्ट नहीं दी है। इस मामले में न ही उनसे कोई रिपोर्ट मांगी गई थी, उन पर गलत आरोप लगाया गया है।
मामले की जांच कराई जाएगी। कोर्ट में दोनों पक्षों द्वारा साक्ष्य पेश किए जाते हैं। उसी आधार पर आदेश किया जाता है।
- विदुषी सिंह, एसडीएम फरीदपुर