बरेली के किला क्षेत्र के गुलाब नगर चौधरी मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय पीयूष कुमार सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह मिनी बाइपास के पास हुआ। पीयूष सीबीगंज के मथुरापुर स्थित उत्कर्ष कॉलेज में शिक्षक थे। उनकी बाइक किसी दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
जिला अस्पताल के शवगृह पर पहुंचे मृतक के पिता विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पीयूष रोजाना की तरह सोमवार सुबह नाश्ता करने के बाद कॉलेज जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में मिनी बाइपास के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे उत्कर्ष कॉलेज के कुछ छात्रों ने उन्हें पहचान लिया। छात्रों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल लाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दूसरी बाइक का पता लगाया जा रहा है।