पीलीभीत के बुजुर्ग की मौत, ठंड लगने की आशंका
बारादरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 62 वर्षीय बुजुर्ग की देर रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार को बुजुर्ग की पहचान रामबहादुर के रूप में हुई। वह पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना अंतर्गत खाड़ेपुर गांव के निवासी थे। वह बरेली में मजदूरी करके परिवार पालते थे। शुक्रवार को राहगीरों ने उन्हें ठंड से कांपते हुए देखा तो सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने एंबुलेंस से उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। ठंड की वजह से मौत की आशंका जताई जा रही है।