उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सुरक्षित माहौल से शिक्षा, निवेश, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलती है। उन्होंने इसे प्रदेश में आए बदलाव का परिणाम बताया।
शिक्षक चुनाव को बताया महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत प्रदेश की दिशा और सरकार के कामकाज के प्रति संदेश देगी। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधि विधान परिषद में शिक्षकों के मुद्दे उठाते हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जैसे विषयों को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
योगी ने शिक्षा को केवल अक्षर ज्ञान या डिग्री हासिल करने तक सीमित न बताते हुए कहा कि इसे नवाचार, शोध और विकास का माध्यम बनाना जरूरी है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को समर्थन देने की अपील की और उनके नाम का उल्लेख करते हुए कहा, 'नाम है हरि सिंह ढिल्लों, जब चाहे मिल लो।' उन्होंने प्रत्याशी के समर्थन में उपस्थित लोगों से हाथ उठवाकर सहमति भी ली।
23 अक्तूबर को मतदान की अपील
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से 23 अक्तूबर को मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मतदाताओं को अवकाश मिलेगा, इसलिए वे बिना किसी परेशानी के मतदान केंद्र पहुंचें। मतपत्र पर डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के नाम के सामने अंग्रेजी का अंक '1' बनाने की बात कहते हुए उन्होंने मतपत्र सही तरीके से भरने का आग्रह किया। अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों से भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।