फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly: पूरे कराएं अधूरे काम, दुरुस्त रखें शहर की सफाई व्यवस्था; सीएम योगी ने अफसरों को दिए निर्देश

Mon, 19 Feb 2024 10:04 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार रात बरेली के सर्किट हाउस में रुके। यहां उन्होंने जिले के अफसरों से विकास कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, समय पर कूड़ा उठना चाहिए। 
विज्ञापन
सर्किट हाउस में सीएम के साथ जनप्रतिनिधि व अफसर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार रात बरेली पहुंचे। सर्किट हाउस में उन्होंने रात्रि विश्राम किया। अफसरों से विकास कार्यों की प्रगति जानी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को ठीक रखें। अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराएं। डीएम, एसडीएम, तहसीलदार की अदालतों में लंबित राजस्व मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं।

विज्ञापन


सर्किट हाउस में सीएम ने पूछा, यहां नगर आयुक्त कौन है? वहां मौजूद नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स बोलीं- मैं हूं सर। सीएम ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, समय पर कूड़ा उठना चाहिए। समाधान दिवस का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और समाधान कराएं। अगर स्थानीय स्तर पर जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान हो तो लोगों को लखनऊ और गोरखपुर में मेरे जनता दर्शन तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। 

संभल की महिला का दिया उदाहरण 
पात्रता के आधार पर लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को उन्होंने संभल की एक महिला का उदाहरण सुनाया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि संभल की महिला गोरखपुर तक पहुंची थी। जब वह मिली तो पता चला कि उसकी जमीन पर किसी ने अवैध कब्जा किया है। पुलिसवालों ने उसकी नहीं सुनी। मैंने दिन में महिला की परेशानी सुनी और रात में संभल के डीएम को फोन करके बताया तो महिला की जमीन से अवैध कब्जा हटा। उन पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हुई जिन्होंने लापरवाही बरती थी। 

विज्ञापन
Trending Videos

साथ ही महिला की पेंशन मंजूर कराई। आवास भी दिलाया गया। सीएम ने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति पात्र नहीं है और बार-बार शिकायत कर रहा है तो उसे अवगत कराएं कि वह पात्रता की श्रेणी में नहीं है। ऐसे में वह भागदौड़ बंद करेगा।

नाथ कॉरिडोर में कितना हुआ काम?  
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि नाथ कॉरिडोर में कितना काम हुआ? मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि कॉरिडोर की सड़कों का निर्माण शुरू हो चुका है। कुतुबखाना पुल के लोकार्पण का आग्रह हुआ तो वर्चुअल तरीके से लोकार्पण किए जाने पर भी विचार किया गया। अंतिम निर्णय लखनऊ में होगा।
विज्ञापन

रात में सीएम के आगमन पर रोका गया यातायात 
मुख्यमंत्री के त्रिशूल एयरबेस से सर्किट हाउस पहुंचने तक संबंधित रास्तों पर यातायात रोक दिया गया था। इसके चलते पीलीभीत बाइपास, श्यामगंज, राजेंद्रनगर, मॉडलटाउन, संजयनगर, मिनी बाइपास, डेलापीर, सौ फुटा चौराहा पर भीषण जाम की स्थिति रही। करीब आधे घंटे तक वाहनों की कतार लगी रही। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ तो जल्दी आगे निकलने के चक्कर में आड़े-तिरछे वाहन घुसने की वजह से फिर जाम की स्थिति बनी। ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आवागमन सुचारु कराया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें