मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत जिले में 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र और भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।
पीलीभीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांव पतरासा कुंवरपुर में आयोजित जनसभा में करीब 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ सरकार अपनी विरासत और वंचित समाज के सम्मान को भी समान प्राथमिकता दे रही है। बरखेड़ा और बीसलपुर के विकास का मुद्दा उठाया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 55-56 वर्ष पहले पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से प्रताड़ित होकर आए बंगाली हिंदू परिवारों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिकता और भूमि अधिकार मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकता प्रमाणपत्र मिलने के बाद अब कोई भी इन परिवारों को यहां से नहीं हटा सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत ढांचे पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
विज्ञापन
सपा-कांग्रेस ने वंचितों की कभी चिंता नहीं की: योगी
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने वर्षों तक शासन किया, लेकिन बांग्लादेश से आए प्रताड़ित हिंदू परिवारों, गरीबों, दलितों और वंचितों की चिंता कभी नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की राजनीति केवल तुष्टिकरण तक सीमित रही, जबकि भाजपा सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।
मंच पर सीएम योगी, केंद्रीय राज्यमंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि
- फोटो : अमर उजाला
बंगाली पारंपरिक शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 11.30 बजे बरखेड़ा पतरासा कुंवरपुर में बने हेलीपैड पर पहुंचा। इसे देखने के लिए लोगों की कतार लग गई। जैसे ही मुख्यमंत्री के मंच पर आने की घोषणा हुई वैसे ही बंगाली पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने शंख और उलूक ध्वनि से स्वागत किया। मंच के सामने पीलीभीत की बांसुरी का प्रतीक और फूलों से आकर्षक रंगोली बनाई। इन पलों को लोगों ने फोटो वीडियो लेकर सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर कर तारीफें बटोरीं। यहां एडीजी रमित शर्मा, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, डीआईजी अजय साहनी, एसपी सुकीर्ति माधव अन्य अफसर मौजूद रहे।
ढाई हजार विस्थापित परिवारों को मिला अधिकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों यानी करीब 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि अधिकार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे करीब 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से अधिकार दिलाने का अभियान चल रहा है। इसकी शुरुआत पीलीभीत से हुई। बाराबंकी, बहराइच में भी यह क्रम चल रहा है। अभी कुछ मामलों में वन विभाग और केंद्र सरकार की अनुमति मिलते ही अन्य परिवारों को भी लाभ दिया जाएगा।
विभिन्न योजना के लाभार्थियों को मिला लाभ
मृतक होमगार्ड की पत्नी पुष्पा देवी को मृतक आश्रित में 38 लाख रुपये बीमा राशि का चेक, कस्टम हायरिंग सेंटर के तहत सोनी देवी को 24 लाख रुपये अनुदान राशि, नंदनी कृषक समृद्धि योजना में कमलेश गंगवार को 31.25 लाख अनुदान राशि, स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड, सीआईएफ के लिए 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार धनराशि का चेक दिया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत अंशिका देवी, मीनू को कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया। प्रीति देवी को प्रधानमंत्री आवास और अरविंद को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चाबी सौंपी।
कहां, किसका हुआ लोकार्पण और शिलान्यास
विधानसभा क्षेत्र बरखेड़ा
लोकार्पण लागत
आरटीओ सारथी हॉल 10.94 करोड़
राजकीय मेडिकल कॉलेज 284.60 करोड़
रजवाहा बिठौरा से टेल तक पुर्नस्थापन एवं नहर भूमि स्थापना कार्य 7.83 करोड़
पिपरा मंडन से दियोराजपुर मध्य माला नदी पर रपटा के स्थान लघु सेतु 5.16 करोड़
पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर बाईपास निर्माण 26.80 करोड़
टनकपुर रेलखंड के चैनेंज टू लेन रेल ऊपरगामी सेतु का निर्माण 24.90 करोड़
जल जीवन मिशन के अंतर्गत 12 नग पाइप लाइन पेयजल योजना 30.49 करोड़
बउच्चकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एकेडमिक ब्लॉक, छात्रावास 4.17 करोड़
शिलान्यास लागत
नगर पंचायत बरखेड़ा में कार्यालय निर्माण 2.90 करोड़
शाहगढ़ मानपुर से सिसैइया पुलिया, गजरौला गुरुद्वारा संपर्क मार्ग 1.61 करोड़
बीडीयूएस से मधपुरी मार्ग का नवनिर्माण कार्य 1.66 करोड़
थाना बरखेड़ा में 32 क्षमता हॉस्टल, बैरक एवं विवेचना कक्ष निर्माण 1.66 करोड़
बरखेड़ा, दौलतपुर, पिपरामंडन, बुहिता परेई नहर मार्ग का चौड़ीकरण 10.20 करोड़
विधानसभा क्षेत्र बीसलपुर
लोकार्पण लागत
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बीसलपुर में हॉस्टल का निर्माण 2.46 करोड़
कटना नदी पर कटाव निरोधक कार्य 3.96 करोड़
गांव नवदिया मरौरी से मरौरी खास तक सड़क निर्माण 1.78 करोड़
धर्मार्थ योजना के अंतर्गत लिलहर के सरोवर में चौड़ीकरण कार्य 4.70 करोड़
कस्तूरबा गांधी बीसलपुर में हॉस्टल का निर्माण 2.46 करोड़
पुरैना-ललौरगुजरानपुर में देवहा नदी सेतु पहुंच मार्ग का निर्माण 23.22 करोड़
शिलान्यास लागत
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक का भवन निर्माण 4.96 करोड़