बरेली। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 18 अक्तूबर को सिर्फ बरेली - बागेश्वर फोरलेन का उद्घाटन ही करेंगे। इस बार उनसे बरेली शहर के लिए और घोषणा का इंतजार न करें। उनके दौरे को उत्तर प्रदेश स्टेट हाईवे अथारिटी (उपसा) के कार्य अधिकारी नवनीत सहगल ने बरेली आकर अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने प्रशासनिक, पुलिस, रेलवे और उपसा के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की और मुख्यमंत्री के बरेली दौरे को अंतिम रूप प्रदान किया।
उपसा के कार्य अधिकारी नवनीत सहगल सुबह नौ बजे हेलीकाप्टर से बरेली आए। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, वहां पर मंच को बढ़ाने के निर्देश दिए। आसपास की झाड़ियों की सफाई तथा मैदान को समतल कराने के निर्देश दिए। रेलवे के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में सुरक्षा के बारे में आईजी, डीआईजी, डीएम, एसएसपी सहित सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले 54 किलोमीटर लंबी फोरलेन में कई स्थानों पर डिवाइडर नहीं था, जिसे बनाने को कहा है । कई जगह सड़क किनारे अवैध निर्माण मिला, जिसे हटाने के निर्देश दिए।
वृक्षारोपण कर सकते हैं सीएम
उपसा के कार्य अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री फोरलेन के उद्घाटन के समय रोड के किसी भी स्थान पर हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपणभी कर सकते है। इसीलिए प्रशासन ने मुख्यमंत्री से वृक्षारोपण कराने के लिए व्यवस्था कर ली है।
ये है कार्यक्रम
मुख्यमंत्री 18 अक्तूबर को सुबह 10 बजे अमोसी एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से त्रिशूल एयरपोर्ट बरेली आएंगे। 11.10 बजे से 12 बजे तक बरेली-बागेश्वर स्टेट हाईवे -37 का लोकार्पण और सभा करेंगे। दोपहर 12.25 बजे हेलीकाप्टर से हल्द्वानी को रवाना हो जाएंगे।