बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के दफ्तर में तैनात क्लर्क ने चपरासी पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
बरेली कॉलेज के समीप रहने वाले अनिकेत शर्मा ने बताया कि सीएमओ दफ्तर के कर्मचारी अभिषेक सक्सेना ने उनके बडे़ भाई प्रशांत शर्मा की नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। अभिषेक ने बताया था कि जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी के पद पर नौकरी लगवा देगा। अनिकेत को बरेली कालेज के पूर्वी गेट पर बुलाकर अभिषेक ने ढाई लाख रुपये ले लिए। ढाई लाख रुपये लेने के बाद अभिषेक ने दस रुपये के स्टांप पर लिखकर दिया कि अगर नौकरी नहीं लगी तो वह पांच लाख रुपये वापस करेगा।
अभिषेक खुद को सीएमओ कार्यालय का क्लर्क बताता है। अनिकेत ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए अगर अभिषेक ने रुपये नहीं लौटाए तो आग लगाकर आत्महत्या करने पर मजबूर होना पडे़गा। बारादरी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।