बरेली। तेज बारिश में बृहस्पतिवार को शहर के निचले इलाकों से लेकर पाॅश कॉलोनियों तक जलभराव की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। नगर निगम की ओर से नाला सफाई के दावे तो खूब किए गए पर पहली ही बारिश ने इसकी पोल खोल दी। नाले चोक होने की वजह से सड़कें घंटों तक जलमग्न रहीं। इससे शहरवासियों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
राजेंद्रनगर में बांके बिहारी मंदिर रोड का एक हिस्सा जलमग्न रहा। इंद्रानगर की कई सड़कों पर जलभराव हुआ। स्कूलों की छुट्टी के बाद बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जलभराव के कारण स्कूल बसों ने बच्चों को मुख्य सड़कों पर ही उतार दिया। इसके बाद बच्चे गंदे पानी के बीच से पैदल चलकर घर गए।
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर को न्यूयॉर्क की तर्ज पर विकसित करने का दावा किया गया था। इसके तहत डीडीपुरम व कुष्ठ आश्रम रोड पर कराए गए कार्य पहली बारिश में फुस्स साबित हुए। 56 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत जहां काम कराए गए, वहां पानी नालों में जाने के बजाय लोगों के घरों के आगे जमा हो गया। इस मार्ग पर अब भी चैंबर खुले पड़े हैं जो बारिश के बाद गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं।
कुष्ठ आश्रम रोड निवासी राज नारायण मेहरोत्रा ने बताया कि खुले चैंबरों के कारण हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है। हल्की बारिश में ही जलभराव हो जाता है। मॉडल टाउन इलाके में पानी लोगों के घरों में घुस गया। निचले इलाके हजियापुर में जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया।
पहली बारिश भी नहीं झेल सकी चार महीने पहले बनी सड़क
डीडीपुरम इलाके में चार महीने पहले बनाई गई सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल सकी। इसकी डामर की परत पूरी तरह उखड़ गई। सड़क टूटने और जगह-जगह गहरे गड्ढे उभरने से स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश है। शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी गड्ढे हो गए हैं, जिनमें वाहन फंस रहे हैं। पॉश इलाकों में भी सड़कों के तालाब बन जाने के कारण लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं।
नौमहला रोड पर जलभराव से राहगीर और दुकानदार बेहाल
इस्लामिया मार्केट क्षेत्र में जलभराव के कारण दुकानदारों और राहगीरों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। सड़कों पर भरा पानी अब दुकानों के लिए भी खतरा बनने लगा है। स्थानीय दुकानदार मोहम्मद आसिम ने बताया कि सात वर्ष पूर्व नौमहला रोड पर नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन इसे आज तक मुख्य नाले से जोड़ा ही नहीं गया। इससे बारिश का पानी आगे बढ़ने के बजाय वहीं भर जाता है और दुकानों की नींव में रिसता है। इससे हादसे का डर सता रहा है। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने बताया कि जलभराव के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उनका व्यापार ठप हो गया है।
नगर निगम के पश्चिमी गेट के निकट स्थित वार्ड संख्या 64 सिकलापुर, वार्ड 60 शाहदाना, गंगापुर, लाल मस्जिद, आशीर्वाद धर्मशाला, मठ की चौकी, फाल्तूगंज और होली चौराहा समेत लगभग 10 वार्डों में जलभराव हो गया। सबसे बदतर स्थिति साहू रामस्वरूप महिला विद्यालय एवं साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज के पास देखने को मिली। सैकड़ों छात्राओं को घुटने तक भरे गंदे पानी और नालों के कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ा। वार्ड संख्या 64 के पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने कहा कि लाला लाजपत राय मार्केट के सामने से गुजरने वाला 20 फुट चौड़ा नाला अतिक्रमण का शिकार है। इस वजह से जलभराव हो रहा है।
एसएसपी व जिलाधिकारी कार्यालय में भी जलभराव
एसएसपी कार्यालय व जिलाधिकारी कार्यालय में भी जलभराव हुआ। नगर निगम को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वहां जल निकासी की व्यवस्था की गई।
सुभाषनगर में जनजीवन अस्त-व्यस्त
फोटो
सुभाषनगर क्षेत्र के शांति विहार, मढ़ीनाथ, गणेश नगर समेत दर्जनभर मोहल्लों के नाले चोक होने की वजह से सड़कें जलमग्न हो गईं। कई स्थानों पर पानी इतना भर गया कि सड़क और नालियों का अंतर खत्म हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोग पानी से भरी सड़कों पर फिसलकर गिरे और चोटिल हो गए। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों समेत अन्य राहगीरों को जलभराव से जूझना पड़ा। कई गलियों में घरों के बाहर तक पानी भरने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जहां पर जलभराव की सूचना मिली है, वहां टीम को भेजा गया है। खराब सड़कों को दिखवाकर उन्हें जल्द ही ठीक कराया जाएगा। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त