इमरजेंसी कक्ष में डॉक्टर के ड्यूटी से गायब होने का फायदा उठाकर एक सफाई कर्मी उनका एप्रन पहनकर डॉक्टर की सीट पर बैठ गया और बाकायदा मरीज भी देखने शुरू कर दिए। डॉक्टर की यूनिफार्म में मरीजों की जांच करते हुए उसने अपने दोस्त से मोबाइल पर अपनी फोटो भी खिंचा ली। यह तस्वीर उसने न सिर्फ पूरनपुर में अपनी मंगेतर को भेजी बल्कि स्टाइल मारने के लिए कुछ दोस्तों को भी व्हाट्सएप कर दी। सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद मामला सीएमएस की जानकारी में भी आया तो उन्होंने कोतवाली में सफाई कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सुभाषनगर का अरविंद एक साल से जिला अस्पताल में संविदा सफाई कर्मी है। वह प्राइम क्लीनिंग ठेका कंपनी की तरफ से काम करता है। बृहस्पतिवार रात इमरजेंसी में डॉक्टर और स्टाफ नदारद था। इमरजेंसी कक्ष में डॉ. हरीश चंद्रा एप्रन टंगा छोड़ गए थे। अरविंद ने एप्रन खुद पहन लिया और स्टेथस्कोप भी गले में लटका लिया। डॉक्टर बनकर वह मरीज भी देखने लगा। इसी दौरान एक तीमारदार से उसकी दवा लिखने को लेकर झड़प भी हो गई। मामला अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में आया तो स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। स्टाफ ने उसे डॉक्टर की कुर्सी पर बैठे देखा तो जमकर पिटाई की। सफाई कर्मी के डाक्टर बनकर मरीज देखने की बात अस्पताल में फैल गई।
सीएमएस ने इमरजेंसी का किया निरीक्षण
शुक्रवार सुबह सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता भी अन्य डाक्टरों के साथ इमरजेंसी पहुंचे। उन्होंने अरविंद के बारे में जानकारियां करने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप दी। जिसके बाद पुलिस ने उसको पकड़ लिया। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। अब उसको जेल भेजा जाएगा।
पूरनपुर से हुई थी शादी तय, अब टूटने के आसार
सफाई कर्मचारी अरविंद से पुलिस कस्टडी में बातचीत के दौरान सामने आया कि पूरनपुर में उसकी शादी तय हुई थी। उसने अपनी मंगेतर पर स्टाइल मारने के लिए यह तस्वीर खिंचवाई थी। उसे अंदाजा नहीं था कि मामला इस कदर बढ़ जाएगा। उसने बताया कि पकड़े जाने के बाद शादी टूट जाने की दुहाई देते हुए सबसे माफी भी मांगी, लेकिन सीएमएस ने कुछ नहीं सुना और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
----
जिला अस्पताल के सीएमएस ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हमारी जांच में मामला सही प्रतीत हुआ है। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। - रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी