बरेली। तमाम दूसरी सरकारी योजनाओं का हाल तो पहले से खराब है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना स्वच्छ भारत मिशन में भी सिस्टम गड़बड़ी करने से बाज नहीं आ रहा है। हाल ही में तमाम लाभार्थियों के बैंक खातों में दो-दो बार पैसा ट्रांसफर होने का मामला पकड़े जाने के बाद अफसरों के होश गुम हो गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद फिलहाल करीब सत्तर खातों से पैसा निकालने पर रोक लगा दी है। इसके अलावा यह भी जांच भी शुरू करा दी गई है है कि और तो ऐसे बैंक खाते नहीं हैं जिनमें इसी तरह दो या दो से ज्यादा बार रकम ट्रांसफर कर दी गई हो।
स्वच्छ भारत मिशन योजना में लाभार्थियों को शौचालय बनाने के लिए 12 हजार रुपये की धनराशि दो किस्तों में दी जाती है। पंचायत राज विभाग ने कुछ समय पहले जिले के 21,163 लाभार्थियों के खाते में पहले किस्त के तौर पर छह-छह हजार रुपये की धनराशि जारी की थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थियों के खाते में दो-दो बार शौचालय बनाने की धनराशि ट्रांसफर कर दी गई। मामला पकड़ में तब आया जब इस संबंध में शिकायतें आनी शुरू हो गईं। नवाबगंज, बहेड़ी और आंवला समेत कई ब्लाकों में काफी मामले पकड़े
शिकायतों पर अधिकारियों ने क्रास चेकिंग शुरू कराने के बाद अब तक करीब 70 खाते ऐसे पकड़ में आए हैं, जिसमें शौचालय बनाने के लिए दो बार रकम ट्रांसफर की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्रिका प्रसाद ने बड़ी गड़बड़ी की आशंका जताते हुए चिह्नित खातों से रकम निकालने पर रोक लगा दी है। इसके साथ दूसरे खातों की भी जांच शुरू करा दी गई है।
सफाई.. एक नाम के थे कई
लोग इसलिए हुई गड़बड़ी
लाभार्थियों के बैंक खातों में दो बार शौचालय का पैसा भेज दिए जाने का मामला पकड़ में आने के बाद अब इस पर लीपापोती की भी कोशिश शुरू हो गई है। सफाई दी जा रही है कि गांवों में एक ही नाम के कई-कई लोग होने की वजह से यह गड़बड़ी हो गई। हालांकि एक नाम के दो लोगों का होना आम बात है। अफसर इस बात का भी जवाब नहीं दे रहे हैं कि धनराशि ट्रांसफर करते वक्त नाम के साथ एकाउंट नंबर क्यों नहीं चेक किए गए।
दोबारा सर्वे में बढ़ाया गया था लक्ष्य
स्वच्छ भारत मिशन में वर्ष 2012 में हुए सर्वे में 2.56 लाख लोगों को शौचालय की रकम देने के लिए चिह्नित किया गया था। पिछले वर्ष यह टारगेट पूरा हो जाने के बाद जो छूटे लोग थे, उनके लिए दोबारा सर्वे हुआ है। इसमें 54495 लोगों को नई लिस्ट में शामिल किया है। इस साल इनके घरों में शौचालय बनाने का लक्ष्य है।
‘स्वच्छ भारत मिशन में कई लोगों के खाते में दो बार धनराशि पहुंच गई है। इसकी जांच कराई जा रही है। ऐसे खातों से पैसा निकालने पर रोक लगा दी गई है।’
- चंद्रिका प्रसाद, डीपीआरओ