फरवरी में खुले नाले में गिरने से हरदोई निवासी युवक की हुई थी मौत
बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड परिसर में खुले नाले में गिरकर हरदोई निवासी युवक की मौत के मामले में आठ माह बाद शासन ने कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। उप निदेशक नगरीय विकास की ओर से अवर अभियंता वीर पटेल व अनुराग कमल और सफाई निरीक्षक विवेक कुमार को आरोपपत्र जारी कर हादसे से पहले किए गए सुरक्षात्मक प्रबंध, उनकी भूमिका और घटना के बाद उठाए गए कदमों के संबंध में जवाब मांगा गया है। हालांकि, निर्माण विभाग के सहायक अभियंता समेत अन्य अधिकारियों को क्लीन चिट मिलने से महकमे में रोष है।
शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड सेटेलाइट पर 24 मार्च की रात हरदोई निवासी तौहीद खुले नाले में गिर गया था। 30 घंटे बाद उसका शव मिला था। इस हादसे के बाद नगर निगम के अभियंताओं की कार्यप्रणाली और खुले नाले की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। नगर निगम की जांच कमेटी ने घटनास्थल और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की थी। इसमें दो अवर अभियंताओं और सफाई निरीक्षक सहित अन्य जिम्मेदारों की भूमिका सामने आई थी।
जांच के दौरान नाले को सुरक्षित करने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम न होने पर सवाल उठे थे। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अपनी जांच रिपोर्ट शासन को भेजी थी। रिपोर्ट में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के साथ दोनों अवर अभियंताओं और सफाई निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई थी।
इसी क्रम में अब शासन की ओर से आरोपपत्र जारी कर तीनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। माना जा रहा है कि आरोपी अधिकारियों-कर्मचारियों के जवाब दाखिल होने के बाद शासन स्तर से कार्रवाई की जा सकती है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शासन ने दोनों अवर अभियंताओं व सफाई निरीक्षक को आरोपपत्र जारी किया है।