बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और परास्नातक की परीक्षाएं इसी माह कराई जानी हैं। पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को एक सेमेस्टर में 90 दिन न मिलने के साथ ही मिड टर्म कराने के लिए भी कॉलेजों को समय नहीं मिला है। विवि की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
विवि ने स्नातक की आठ नवंबर और स्नातकोत्तर पहले व तीसरे सेमेस्टर की मुख्य व बैक परीक्षा 16 नवंबर से कराने का निर्णय लिया है। सात अक्तूबर तक स्नातकोत्तर के परिणाम जारी हुए। 22 सितंबर तक प्रवेश पंजीकरण कराया गया। ऐसे में प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी एक माह भी कक्षाएं नहीं ले सके। अब समर्थ पोर्टल की घोषणा के बाद भी आवेदन शुरू नहीं कराए जाने से विद्यार्थी परेशान है। यही नहीं मिर्ड टर्म परीक्षाएं कब कराई जाएंगी यह भी स्पष्ट नहीं है।
एबीवीपी के महानगर मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि विवि और कॉलेजों को छात्रहित में कार्य करने की जरूरत है। अगर शिक्षण संस्थानों की कार्यशैली इस तरह से रहेगी तो विद्यार्थी सिर्फ परीक्षाएं देने में व्यस्त रहेंगे।
समर्थ पोर्टल से संबंधित परीक्षा नियंत्रक का पत्र 25 अक्तूबर को प्राप्त हुआ था। इसके आवेदन कब से शुरू होंगे। इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। कॉलेजों को सत्र नियमित करने संबंधी निर्देश पहले ही दे दिए थे। - डॉ. अमित सिंह, मीडिया सेल प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय
संवाद