गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, मॉडल टाउन की कमेटी भंग करने को लेकर रविवार रात एक बार फिर विवाद हो गया। सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी के प्रधान समेत काफी लोग गुरुद्वारा पहुंचे और प्रधान एवं सेक्रेटरी को बुलाने की मांग करने लगे। इस बीच वहां हंगामा होने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को वहां से हटा दिया। पुलिस ने कहा कि पहले दोनों पक्ष जिला प्रशासन से मिलें, फिर चुनाव कराने की बात करें।
चार साल से मॉडल टाउन स्थित इस गुरुद्वारे का संचालन स्त्री सत्संग सभा कर रही है। दो साल से जसपाल कौर प्रधान और मंजीत कौर सेक्रेटरी हैं। बताया जाता है कि चार साल पहले हुए विवाद के चलते गुरुद्वारा का संचालन स्त्री सत्संग सभा ने अपने हाथ में ले लिया था। इसके चलते गुरुद्वारा कमेटी का चुनाव कराने को तीन महीने पहले भी यहां विवाद हुआ था। रविवार शाम को सेंट्रल गुरु पर्व कमेटी के गुरदीप सिंह बग्गा, परमजीत सिंह सलूजा, मालिक सिंह कालरा समेत दो-ढाई सौ लोग गुरुद्वारे में जमा हो गए। मौजूदा कमेटी पक्ष के लोग भी मौजूद थे। इससे वहां का माहौल गर्माने लगा। ये लोग गुरुद्वारा कमेटी के चुनाव की मांग कर रहे थे जबकि मौजूदा कमेटी के लोगों का कहना था कि यह कार्यकाल जून में पूरा होगा। इसके बाद ही चुनाव हो सकते हैं। सूचना पर थाना बारादरी और प्रेमनगर से भारी तादात में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एलआईयू की टीम भी मौजूद थी। पुलिस ने कहा कि शासन को इस बात की जानकारी है कि यहां चुनाव शांतिपूर्वक नहीं हो सकते, इसलिए पहले दोनों पक्ष प्रशासन के सामने उपस्थित हों, इसके बाद ही चुनाव की बात करें। पुलिस के समझाने पर तय हुआ कि सोमवार को दोनों पक्ष सुबह 11 बजे एसपी सिटी से मिलेंगे।
कॉलेज को लेकर है विवाद
लोगों ने बताया कि असली विवाद गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के अंतर्गत आने वाले गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज के स्वामित्व को लेकर है। वहां छह शिक्षकों भर्तियां की जानी हैं। मगर इस कॉलेज पर दूसरी कमेटी काबिज हो गई है, जिसके चलते शिक्षकों की भर्ती पर विवाद है।