बिशारतगंज/बिनावर। बदायूं के बिनावर क्षेत्र में डीजे प्रतिस्पर्धा के बाद मारपीट और पथराव हुआ। इससे नाराज बिशारतगंज के शाहबाजपुर गांव के कांवड़ियों ने जलाभिषेक करने से इन्कार कर दिया है। उन्होंने गांव के मंदिर के बाहर धरना दिया। उनका कहना है कि डीजे संचालक के खिलाफ कार्रवाई न होने तक जलाभिषेक नहीं किया जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।
बृहस्पतिवार को शाहबाजपुर से दो जत्थे गंगाजल लेने कछला गए थे। सोनू सिंह के जत्थे में मेरठ का रुद्राक्ष डीजे था। सौरभ के जत्थे में शाहबाजपुर के जाहिद व जुनैद का डीजे शामिल था। सोनू सिंह ने आरोप लगाया कि शनिवार को लौटने के दौरान विजय नगला पर उनके जत्थे के डीजे के आगे रॉक्स ए वन डीजे संचालक ने जबरन प्रतिस्पर्धा कराई। पराजित होने पर जाहिद व जुनैद के डीजे ने उनके डीजे पर चप्पलें फेंकीं और पथराव भी किया। इस घटना में दो लोगों को कुछ चोटें आईं।
सोनू सिंह ने बताया कि बिनावर पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने उन्हें बिशारतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी। रविवार को वह बिशारतगंज पहुंचे, जहां पुलिस ने तहरीर लेकर बिनावर पुलिस से जांच कराकर कार्रवाई की बात कही। काफी देर तक थाने के बाहर बैठने के बाद कांवड़िये गांव लौट गए। बाद में सोनू सिंह, सचिन सिंह, मनोज और उमेश सहित अन्य कांवड़िये फिर बिनावर थाने पहुंचे। उन्होंने वहां तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बिनावर पुलिस ने सोमवार को जलाभिषेक के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। हालांकि, पुलिस के आश्वासन के बाद भी कांवड़ियों ने गांव के मंदिर के बाहर धरना शुरू किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई न होने तक वे जलाभिषेक नहीं करेंगे। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे अगले सोमवार को बरेली के अलखनाथ मंदिर पर जलाभिषेक करेंगे। पुलिस गांव में कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है।
वर्जन,
कांवड़ियों से वार्ता की गई है। वे जलाभिषेक के लिए तैयार हो गए हैं। बिनावर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। - हेमंत उपाध्याय, सीओ आंवला