तहसीलदार ने चेताया, भूख हड़ताल पर बैठे श्रमिक के साथ कोई घटना हुई तो फर्म होगी जिम्मेदार
बरेली। बकाया राशि में अवशेष 53.54 लाख रुपये अभी तक जमा न करने पर तहसीलदार सदर ने फिर बुधवार को क्लेरा स्वेन मिशन हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस हॉस्पिटल के महासचिव रेव्ह डेविड नथानिएल और केंद्रीय कोषाध्यक्ष एमसीआई संदीप ठाकोर को जारी हुए हैं। चेताया है कि उप श्रमायुक्त न्यायालय से वसूली आदेश जारी होने के बाद भी बकाया रिकवरी न होने पर भूख हड़ताल पर बैठने को कह रहे हैं और यदि भूख हड़ताल के दौरान किसी भी तरह की घटना होती है तो उसके लिए आपकी फर्म जिम्मेदार होगी।
तहसीलदार सदर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि क्लेरा स्वेन मिशन हॉस्पिटल पर श्रमिकों का काफी बकाया चल रहा है। उप श्रम आयुक्त न्यायालय से संबंधित श्रमिकों के पक्ष में फैसला भी आ चुका है। अब बकाया वसूली न होने पर श्रमिक उच्चाधिकारियों के समक्ष हाजिर होकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं। तहसीलदार ने बताया कि स्थिति को देखते हुए क्लेरा स्वेन मिशन हॉस्पिटल के महासचिव रेव्ह डेविड नथानिएल और केंद्रीय कोषाध्यक्ष संदीप ठाकोर को नोटिस पत्र प्राप्ति के सात दिनों के अंदर शेष बकाया राशि का भुगतान क्षेत्रीय संग्रह अमीन को कर देने का मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि संग्रह अमीन भी इस फर्म से बकाया वसूली के लिए काफी प्रयासरत रहे हैं, लेकिन फर्म के जिम्मेदारों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है। संवाद
-
18 आरसी और 17 रिमाइंडर, सभी की अनदेखी
तहसीलदार ने बताया कि उप श्रम आयुक्त की तरफ से डीएम के माध्यम से बाकीदार फर्म मैसर्स डॉयरेक्टर/चेयरमैन, क्लेरा स्वेन मिशन हॉस्पिटल के विरुद्ध 18 वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी हो चुके हैं। जिनका तामीला भी कराया गया है। कुल बकाया 73.70 लाख रुपये में से अभी तक केवल 20.16 लाख रुपये ही जमा किया गया है। शेष धनराशि 53.54 लाख रुपये की वसूली बाकी है। इस वसूली के लिए कार्यालय तहसीलदार के स्तर से भी विभिन्न तारीखाें में 17 रिमाइंडर क्लेरा स्वेन मिशन हॉस्पिटल के विरुद्ध जारी किए गए हैं।