बरेली। तेज बारिश में बुधवार को बिजली निगम के दावे भी बह गए। बारिश के दौरान लोकल फाल्ट की झड़ी से कई मोहल्लों में घंटों बिजली संकट रहा। शाहदाना की लाइन ट्रिप हो गई। किला फीडर से जुड़े इलाको में चार घंटे तक बिजली गुल रही।
बुधवार तड़के बारिश शुरू होते ही शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। यह कवायद भी काम नहीं आई। शाहदाना उपकेंद्र तक आने वाली 33 केवी लाइन फेल होने से यहां से पोषित इलाकों की बिजली गुल हो गई।
डीडीपुरम की 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन होने से जोगी नवादा फीडर को इज्जतनगर उपकेंद्र से जोड़ना पड़ा। दुर्गा नगर उपकेंद्र से पोषित वनखंडीनाथ फीडर से जुड़े इलाकों में भी बिजली संकट रहा। सिविल लाइंस, कुतुबखाना और मिशन उपकेंद्र पर फेस न आने की शिकायतें दर्ज हुईं। हरूनगला, महानगर, जगतपुर व मढ़ीनाथ उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में भी फाल्ट हुए।
आज छह घंटे तक बंद रहेगा टीपीनगर फीडर
बरेली। विद्युत निगम की ओर से जारी हुई सूचना के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हरूनगला उपकेंद्र से पोषित टीपीनगर फीडर पर अनुरक्षण का काम किया जाना है। इस दौरान विद्युत आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बाधित रहेगी। संवाद