बरेली। अज्ञात कॉल पर भरोसा कर लिंक पर क्लिक करना महिला समेत दो लोगों को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने महिला के खाते से 38 हजार और एक अन्य व्यक्ति के खाते से 98 हजार रुपये साफ कर दिए। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बारादरी थाने के गंगापुर निवासी सुमित गोयल ने बताया कि 26 जून को दोपहर 12:30 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने धोखे से उनके खाते में 25 हजार रुपये डाल दिए हैं।
उसने एक क्यूआर कोड देकर रुपये वापस करने का अनुरोध भी किया। खाते में रुपये आने के संबंध में एक मेसेज भी भेजा। सुमित ने जैसे ही क्यूआर कोड स्कैन किया उनके खाते से 98 हजार रुपये साफ हो गए। ठगी का अहसास होने के बाद उन्होंने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं, कैंट थाने के गांव भरतौर निवासी कुमारी छाया पाल ने बताया कि 15 जुलाई को दोपहर दो बजे उनके फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उनकी भाभी के खाते में रुपये ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं। वह उनके खाते में रुपये भेज रहा है। यह रुपये भाभी को दे देना।
कॉल करने वाले ने इसके बाद उनको व्हाट्सएपे पर एक लिंक भेजा। छाया का कहना है कि उन्होंने इस लिंक पर क्लिक किया तो उनके खाते से 38 हजार 677 रुपये कट गए। इस मामले में भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद