नवाबगंज। नगर पालिका परिषद ने 85 लाख रुपये की लागत से नाला बनवाया, जो बारिश में बुधवार को ढह गया। इसके साथ ही उसकी गुणवत्ता का दावा भी बह गया। कस्बावासियों ने निर्माण कार्य और सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल किए हैं। उन्होंने निर्माण में मानकों की अनदेखी और काम में लापरवाही का आरोप लगाया है।
यह नाला वार्ड 23 मोहल्ला बहोरनगला में लगभग 256 मीटर लंबा बनाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के दौरान भी उन्होंने विरोध किया था। कार्यदायी संस्था श्रीबांके बिहारी बिल्डर्स ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। अब नाला ढह गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगरपालिका परिषद और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा जाएगा।
सभासद दरवेश्वर सिंह ने बताया कि उन्होंने निर्माण के दौरान मानकों का पालन करने को कहा था। नगर पालिका परिषद को इससे अवगत कराएंगे। अधिशासी अधिकारी आरआर अंबेश ने बताया कि नाला बारिश के कारण ढह गया है, जांच कराकर निर्माणदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रेमलता राठौर ने बताया कि नाले के निर्माण के दौरान बारिश का पानी भर गया था। इससे कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, तब काम रोका गया था। लखनऊ से लौटकर मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद