नवाबगंज। गुरगावा गांव में किसी खुराफाती ने रात में धार्मिक स्थल का पिलर तोड़ दिया। सूचना पर तहसीलदार और कोतवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भूमि की पैमाइश कर मामले को निपटा दिया। पुलिस खुराफातियों की तलाश में जुट गई है।
गुरगावा गांव में पुराना मंदिर है। इसके पास सरकारी भूमि पड़ी है, इसी के पास शंकर लाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शंकरलाल ने मंदिर की भूमि पर जबरन कब्जा कर रखा है। कई बार ग्रामीणों ने एसडीएम और थाना दिवस में इसकी शिकायत की थी, जिस पर राजस्व टीम ने मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंप थी, लेकिन अवैध कब्जा नहीं हटा। ग्रामीणों मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर एसडीएम कुमार धर्मेंद्र ने तहसीलदार को बुधवार को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए थे, लेकिन मंगलवार रात किसी खुराफाती ने धार्मिक स्थल पर बने पिलर को गिरा दिया। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने यूपी 100 को सूचना दे दी। सूचना पर कोतवाल गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तहसीलदार प्रदीप रमन राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। हलका लेखपाल ने मंदिर और ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश की। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला निपटा दिया।
राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जांच की, पुरानी आबादी में आवासीय पट्टे पर मकान बना लिया गया है। मंदिर की भूमि की भी पैमाइश कराई गई है। मामले को मौकेे पर सुलझा दिया गया है। - प्रदीप रमन, तहसीलदार नवाबगंज
- मंदिर के पिलर गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई। एक पिलर किसी खुराफाती ने गिरा दिया है। जांच की जा रही है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - गौरव सिंह, कोतवाल नवाबगंज
फोटो 3 ग्रामीणो से जानकारी लेते कोतवाल गौरव सिंह