लखीमपुर खीरी-पलिया कलां। गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में पुलिस ने होटल व ढाबों की चेकिंग की तो वहीं गौरीफंटा नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने एसएसबी जवानों के साथ पैदल गश्त की। डॉग स्क्वॉड के साथ सघन तलाशी ली गई। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने भी चेकिंग की।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा ने शहर के होटलों पर छापा मारकर कमरों में रुके लोगों की आईडी आदि चेक की। होटलों के अभिलेख भी देखे। होटल व ढाबा संचालकों को भी सतर्कता बरतने के दिशा-निर्देश दिए। गौरीफंटा बॉर्डर पलिया सीओ राकेश कुमार नायक ने पुलिस व एसएसबी जवानों, डॉग स्क्वॉड दल के साथ पिलर संख्या 171 पर एक किलोमीटर तक पैदल गश्त की। इस दौरान चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान लोगों व उनके सामान की भी तलाशी ली गई। सीओ ने बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवकों को पकड़ा है, जिनके पास से नशीली दवाएं बरामद हुई हैं। उनसे पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस टीम में गौरीफंटा, चंदनचौकी, पलिया के प्रभारी निरीक्षक और संपूर्णानगर एसओ संदीप कुमार सिंह, एसएसबी इंस्पेक्टर अभय यादव, जसवीर सिंह आदि शामिल रहे। संवाद