बरेली। सीबीगंज के गांव नदोसी में कान्हा उपवन और गोशाला में गायों की मौत के मामले में नगर निगम ने इसकी जांच का दावा करते हुए उनकी मौैत प्राकृतिक रूप से होने का दावा किया है। इसके साथ शिकायत पोर्टल पर इस मामले को निस्तारित दिखा दिया है।
साहूकारा के विशाल भारद्वाज ने 20 अक्तूबर को पीएमओ में शिकायत की थी कि कान्हा उपवन में गायों को पर्याप्त आहार नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से वहां बीमारी और भूख से गायों की मौत हो रही है। फर्जी शपथपत्र बनवाकर गायें पशु तस्करों को सौंप देने का भी आरोप लगाया था। नगर निगम अफसरों की भूमिका संदिग्ध बताई गई थी। इस शिकायत पर पीएमओ के सेक्शन ऑफीसर जितेंद्र कुमार मंडल ने यूपी के मुख्य सचिव को कार्रवाई करके पीएमओ को अवगत कराने को कहा था। यह शिकायत डीएम की मार्फत नगर आयुक्त को भेजी गई। नगर निगम ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि गोशाला में गायों को सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। गायों की मौत प्राकृतिक रूप से हो रही है। इसके साथ शिकायत पोर्टल पर इस मामले को निस्तारित बताया गया है।