बरेली। एलन क्लब को सील किए जाने के विरोध में उसके बुजुर्ग सदस्यों ने शनिवार को नगर निगम में प्रदर्शन किया और इसके बाद मेयर का घेराव कर आरोप लगाया कि क्लब को नगर निगम ने अधिकारों का दुरुपयोग कर सील कराया है। उन्होंने पूछा कि क्लब की लीज 2021 तक वैध थी, फिर भी इसे 2019 में ही बगैर कारण बताए सील कर दिया गया। प्रदर्शन के बाद मेयर ने नगर आयुक्त से पूछा है कि एलन क्लब को किस आधार पर सील कराया गया।
नगर निगम में प्रदर्शन करने पहुंचे एलन क्लब के सदस्य संदीप अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम यह भी बताने को तैयार नहीं है कि क्लब को आखिर किस नियम के तहत सील किया गया है। नगर आयुक्त की ओर से बताया जा रहा है कि मंडलायुक्त के निर्देश पर इस क्लब को सील किया गया है। निगम अधिकारी लीज अवधि को समाप्त होने के बात कह रहे हैं लेकिन अभी इसकी लीज अवधि 2021 तक बाकी है। ऐसे में यह कारण भी निराधार है। प्रदर्शन करने वालों में अरविंद अग्रवाल, विजय शंकर अग्रवाल, नरेंद्र पाल सिंह, प्रसून जोश्री, बसंत बल्लाभ जोशी, महेश खन्ना शामिल थे। मेयर उमेश गौतम ने बताया कि नगरायुक्त से पूछा गया है कि किस आधार पर एलन क्लब को सील किया गया। उन्होंने कहा कि एलन क्लब के सदस्यों के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।