आंवला। रामनगर रोड पर गैस रिफलिंग करते समय एक वैन में आग लग गई। पास में खड़ी गाड़ी भी चपेट में आकर जल गई। पड़ोसी दुकानदारों ने आग को किसी तरह से काबू किया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले दुकानदार भाग गया। इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर जाम भी लग गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह मार्केट बंद था। इसी बीच दुकानदार सड़क पर ही एक वैन में गैस रिफलिंग करने लगा, तभी वैन में आग लग गई। यह देखकर मालिक गाड़ी छोड़कर भाग गया। धू-धूकर वैन के जलने पर आसपास के दुकानदार पहुंच गए और किसी तरह से आग पर काबू पाया। इसी बीच सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंच गई। इस पर दुकानदार वहां से फरार हो गया। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया गैस रिफलिंग करना गैरकानूनी है। इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।