बरेली। पीलीभीत रोड पर सेटेलाइट से हवाई अड्डे तक रोड फोरलेन बनाने के पीडब्ल्यूडी ने अब तक सर्वे ही नहीं किया है। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाकर यह रिकार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं कि इस प्रोजेक्ट के लिए कहां और कितनी जमीन वन विभाग की है। कितने पेड़ों का कटान होना है। साथ ही कहां पर बिजली के पोल और तारों की शिफ्ट किया जाना है।
पीलीभीत हाईवे पर सेटेलाइट से हवाई अड्डे तक रोड हाल ही में एनएचएआई से पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित हुई है। अब इस रोड को फोरलेन किया जाना है। इसके लिए अब पीडब्ल्यूडी को ही सर्वे पूरा करने के बाद प्रोजेक्ट तैयार करना है। बृहस्पतिवार को डीएम नितीश कुमार ने पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन के एक्सईएन वीएम शर्मा सहित कई और अफसरों को बुलाकर इसकी जानकारी ली। डीएम इस पर नाराज हुए कि यह सर्वे ही नहीं है कि इस प्रोजेक्ट के लिए कितनी वन विभाग की जमीन लेनी है। इसके अलावा कितनी निजी और दूसरे विभागों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसके अलावा डीएम ने निर्देशित किया कि फोरलेन बनाने को बिजली के खंभों और लाइन को भी शिफ्ट करने की प्लानिंग तैयार होनी है। यह काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए।