बरेली। चौबारी में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट यानी एसटीपी बनाने के लिए किसानों से 15 लाख प्रति बीघा के हिसाब से जमीन खरीदी जाएगी। भू-स्वामियों से सहमति मिलने के बाद जल निगम के एक्सईएन ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) से खरीद की अनुमति के लिए जिला स्तरीय भूमि क्रय समिति की बैठक बुलाने का आग्रह किया है।
एसटीपी लगाने के लिए चौबारी में करीब 0.8 हेक्टेयर भूमि की जरूरत है। यहां सरकारी भूमि न मिल पाने से चौबारी में बरीनगला के पास भूस्वामी सुरेश चंद्र और बाबूराम से यह भूमि खरीदने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। यह किसान 15 लाख प्रति बीघा के हिसाब से जमीन देने को तैयार भी हो गए हैं। इसकी लिखित सहमति मिलने के बाद इसकी खरीद की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल निगम के एक्सईएन ने एसएलएओ से इस पर मंजूरी दिलाने के लिए भूमि क्रय समिति की बैठक बुलाने को कहा है। गौरतलब है कि शहर में चार जगहों पर एसटीपी लगाई जानी हैं। हरूनगला और तुलाशेरपुर में सरकारी जमीन उपलब्ध हो गई हैं, जबकि कतारपुर और बरीनगला में किसानों से जमीन लेने की कोशिश प्रशासन की तरफ से की जा रही है।