बरेली। बहेड़ी स्थित कताई मिल एक बार फिर से शुरू करने की कवायद है। शासन ने इस मामले में पांच नवंबर मंगलवार शाम को एक संयुक्त बैठक बुलाई है। इसमें औद्योगिक विकास विभाग और सहकारी कताई मिल संघ अधिकारी भाग लेंगे।
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पहल पर प्रदेश सरकार ने करीब 13 वर्षोँ से बंद पड़ी सहकारी कताई मिल, बहेड़ी को फिर से चालू कराने की कवायद शुरू करा दी है। इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास मंत्री को सौंपी है। इसके तहत बंद मिल फिर से चलाने के लिए किसी निजी फर्म को लीज पर दी जाएगी। मिल पर करीब पौने बीस करोड़ रुपये देनदारियां हैं। बकायेदारी का भुगतान लीज पर चलाने वाली फर्म करेगी।
उपसचिव औद्योगिक विभाग जयप्रकाश ने इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी है। उपसचिव ने एक पत्र भेजकर पांच नवंबर को प्रस्तावित संयुक्त बैठक में संबंधित विभागों को मौजूद रहने को कहा है। साथ ही केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार अथवा उनके प्रतिनिधि भी इस बैठक में भाग लेंगे। बैठक सचिवालय में शाम तीन बजे से होगी। बैठक औद्योगिक विकास मंत्री सतीश माहाना की अध्यक्षता में होगी।