फतेहगंज पूर्वी। ट्रेनों के अत्याधिक दबाव के चलते हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग से जाम की स्थिति खत्म नहीं हो पा रही है। शनिवार शाम को एक बार फिर जाम लगा, जिसके बाद वाहनों की लाइन तीन किलोमीटर तक पहुंच गई। ऐसा तब हुआ जब कि बड़ी संख्या में वाहन जैतीपुर होते हुए निकल रहे थे। यहां बता दें कि बार-बार क्रॉसिंग बंद किए जाने को लेकर यहां तैनात गेटमेन को शुक्रवार की रात कुछ युवक पीटकर चले गए थे।
यहां बता दें कि नेशनल हाईवे पर बना हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 343 काफी अहम है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक इस ट्रैक से रोजाना लगभग 250 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें छठ पूजा पर चलाई गईं दर्जनों स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। बताते हैं कि शनिवार की सुबह से दोपहर बाद तक तो स्थिति सामान्य रही, लेकिन शाम के चार बजते ही जाम लग गया। देखते ही देखते तीन किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं।
एसएचओ अश्वनि कुमार ने बताया कि सुबह से बड़ी संख्या में वाहन जैतीपुर होकर गुजारे जा रहे थे, लेकिन शाम को क्रॉसिंग ज्यादा देर तक बंद होने के कारण जाम लग ही लगा। उन्होंने बताया कि जब तक यहां रेल ओवरब्रिज नहीं बन जाता जाम की समस्या का स्थाई रूप से समाधान नहीं होगा।