पूरी दोपहर मची रही अफरातफरी, चौराहों पर खड़ा बतियाता रहा स्टाफ, होमगार्डों की किसी ने न सुनी
बरेली। श्यामगंज से शाहदाना तक रास्ता निकलना दूभर हो गया है। दोपहर के वक्त टेंपो और ई रिक्शा वाले चौराहे को जाम रखते हैं। श्यामगंज चौराहे पर तो कई पुलिसकर्मी और होमगार्ड ड्यूटी के नाम पर ग्रुप बनाकर बातों में मशगूल रहते हैं या चेकिंग करके टारगेट निपटाते हैं। शाहदाना चौराहे पर इकलौते होमगार्ड की कोई नहीं सुनता। चर्चा है कि टेंपो वालों से पुलिस को मोटी कमाई होती है, वहीं ई रिक्शा की बेहिसाब संख्या से हालात बिगड़ रहे हैं। दुकानदार भी अपनी दुकानों का काफी सामान बाहर या पुल के पिलर के बीच रख रहे हैं। अमर उजाला टीम ने शनिवार को कैमरे के साथ श्यामगंज चौराहे से सटे रास्तों का हाल देखा तो स्थिति भयावह थी। लोग रास्ता पार करने को संघर्ष करते दिखे।
समय 01: 15 बजे दोपहर, श्यामगंज से सेटेलाइट रोड
तगड़ा जाम देख सर्दी के मौसम में छूटा पसीना
- श्यामगंज चौराहे पर भीषण जाम लगा था। चौराहे से सेटेलाइट साइड और बरेली कॉलेज साइड पूरी तरह से जाम थी। ठीक चौराहे पर कई वाहन फंसे हुए थे। सबसे ज्यादा टेंपो और ई रिक्शा बीच में आड़े तिरछे लगे थे। शुरू में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और होमगार्ड अलग-अलग दो समूह में खड़े होकर बातों में मशगूल थे। जाम बेतहाशा बढ़ा तो उसे हटाने की सुध आई। करीब पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद रास्ता खुल सका। बाद में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने सफाई दी कि फल मंडी के पास रोलर से सड़क निर्माण का काम करने से एक साइड बाधित थी।
समय 01: 34 बजे दोपहर, श्यामगंज से शाहदाना रोड
टेंपो और ई रिक्शा ने बनाई चेन, पूरा रास्ता जाम
- श्यामगंज से शाहदाना चौराहे तक ई रिक्शा और टेंपो वालों ने रास्ता कब्जा रखा था। इन वाहनों की एक पूरी चेन एक के पीछे एक चल रही थी। इनमें भी बीच में कई टेंपो आड़े तिरछे घुस गए थे। जिसकी वजह से चौराहों पर स्थिति सबसे खराब थी। वहां लोग अपनी बाइक से लेकर साइकिल तक लिए रास्ता मिलने की जुगाड़ में खड़े थे। पूरे रास्ते पर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी नहीं था।
समय 01: 38 बजे दोपहर, शाहदाना रोड
दुकानदारों ने पिलर के बीच की जगह सजाया सामान
- पूरे रोड पर जहां जबर्दस्त जाम के हालात थे, वहीं दुकानदारों ने आधा सामान दुकान के बाहर और पिलर के बीच में अपना काफी सामान लगा रखा है। इसके अलावा पिलर के बीच कई फड़ लगा लिए गए हैं तो बाइक व स्कूटी खड़ी करने का स्टैंड भी इसी जगह को बना लिया गया है। पुलिस के साथ ही इस व्यवस्था को दुरुस्त करना नगर निगम की जिम्मेदारी है पर कुछ होता नहीं है।
समय 01: 42 बजे दोपहर, शाहदाना चौराहा
- चौराहे पर दोपहर बारह बजे तक काफी जाम लगना बताया जा रहा था पर डेढ़ बजे के बाद कुछ सुकून हो गया। हालांकि शाहदाना चौराहे से निकलने वाले रास्तों पर ई रिक्शा और टेंपो कतार लगाए खड़े थे। इनमें से कुछ तो चौराहे तक अपने वाहन ले आ रहे थे। यहां एक बुजुर्ग होमगार्ड तैनात थे। पहले एक साइड में खड़े होमगार्ड ने कैमरा देखकर वाहनों को हटाकर रास्ता बनाने की कोशिश भी की पर किसी ने उनकी न सुनी। थक हारकर वह अपनी जगह दोबारा आकर खड़े हो गए।
0
एसपी ट्रैफिक बोले- दूर करेंगे समस्या
- एसपी ट्रैफिक एससी गंगवार ने बताया कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए उन्होंने स्टाफ की बैठक बुलाई है। इसमें उन्हें स्थिति से निपटने के टिप्स दिए जाएंगे। शहर में पुराने परमिट पर चल रहे टेंपो व ई रिक्शा को नए संचालक नहीं चला सकेंगे। वाहनों के रूट और ड्राइवर की वर्दी भी तय होगी। काम के वक्त बात करने वाले स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी