बरेली। चौपुला ओवरब्रिज से गुजरने वाले ज्यादातर वाहनों का डायवर्जन लाल फाटक की ओर से किए जाने से यहां भी बड़ी समस्या पैदा हो गई है। शनिवार को तीन घंटे से भी ज्यादा जाम लगा रहा। दरअसल, दोनों रेल क्रॉसिंग पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस यातायात को व्यवस्थित नहीं कर पा रही। इसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। बदायूं से बरेली तक का सफर पूरा करने में तीन से चार घंटे तक लग रहे हैं।
लाल फाटक पर इन दिनों ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। बदायूं की ओर आने-जाने वाले ट्रैफिक को चौपुला से लाल फाटक की ओर डायवर्ट किया गया है। सबसे ज्यादा समस्या रेल क्रॉसिंग पर हो रही है। यहां रोड संकरी होने की वजह से जाम और भी भीषण रूप ले रहा है। शनिवार को दोपहर दो से शाम छह बजे तक लाल फाटक पर जाम लगा रहा। सैकड़ों वाहन इसमें फंसे रहे। लाल फाटक से कैंट और रामगंगा तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों का कहना है कि अगर क्रॉसिंग पर दोनों ओर ट्रैफिक को व्यवस्थित कर दिया जाये तो समस्या से कुछ हद तक छुटकारा मिल सकता है।