बरेली। दिवाली पर बैंक शनिवार से लगातार चार दिन बंद रहेंगे। इस दौरान नकदी के संकट से त्योहारों की रौनक फीकी न हो जाए, इसके लिए बैंकों ने खास रणनीति तैयार की है। चूंकि बैंकों के बंद रहने के दौरान बड़े पर्वों पर कैश की निकासी एटीएम पर ही निर्भर रहेगी, इसलिए एसबीआई और पीएनबी सहित कई अन्य बड़े बैंकों के प्रबंधन ने तय किया है कि एटीएम में नोटों की आपूर्ति के लिए शनिवार को छुट्टी के दिन भी बैंकों के करेंसी चेस्ट खुले रहेंगे। एटीएम जल्द खाली न होने पाएं, इसके लिए उनमें दोगुना कैश भरने के साथ 500 की जगह 2000 के नोटों की फीडिंग की जाएगी। बैंक अफसरों का दावा है कि त्योहारों पर कैश की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
दरअसल, 26 अक्तूबर को चौथा शनिवार, 27 को दिवाली, 28 को गोवर्धन पूजा और 29 को भैयादूज है। चार दिन की इन छुट्टियों से नकदी का संकट पैदा होने की संभावना है। बैंक स्टाफ ने अगर एटीएम को लेकर सजगता नहीं दिखाई तो त्योहारों की चमक फीकी पड़ सकती है। त्योहारों को देखते हुए छुट्टी के दौरान एक से दो बार एटीएम में नकदी पहुंचाने के लिए करेंसी चेस्ट खोलने की तैयारी की गई है। एसबीआई की बरेली के साथ नवाबगंज, बहेड़ी और फरीदपुर की करेंसी चेस्ट वाली चारों ब्रांच दूसरे शनिवार की छुट्टी के दिन भी खुलेंगी, ताकि दिवाली के एक दिन पहले सभी एटीएम फुल किए जा सकें। जरूरत पड़ी तो दिवाली के अगले दिन सोमवार को भी एटीएम भरने के लिए ये शाखाएं फिर से खोली जा सकती हैं। उधर, पीएनबी के अधिकारियों ने भी दिवाली के अगले दिन 28 अक्तूबर को एटीएम में नोटों को भरने के लिए छुट्टी के दिन भी करेंसी चेस्ट खोलने का फैसला किया है। साथ ही एटीएम में दोगुना कैश भरने के साथ 500 की जगह 2000 के नोटों की फीडिंग की जाएगी।
एसबीआई के सबसे ज्यादा हैं एटीएम
जिले में सभी सरकारी और गैर सरकारी बैंकों के करीब 450 एटीएम हैं। महानगर में 275 एटीएम हैं। इसमें एसबीआई के सर्वाधिक 90 एटीएम हैं, जबकि पीएनबी के जिले में 35 एटीएम और महानगर में 26 एटीएम हैं। इस लिहाज से एटीएम सेवा के लिए इन दोनों बैंकों की प्रमुख भूमिका रहेगी।
छुट्टी के दिन 28 अक्तूबर को बैंकों के करेंसी चेस्ट खोलने के लिए आरबीआई से खास परमीशन ली गई है। बैंक अधिकारियों से कह दिया गया है कि छुट्टी पर जाने से पहले वह एटीएम में दो गुना नोटों को भरना सुनिश्चित करा दें। - पीके जैन, सर्किल हेड, पीएनबी
चौथे शनिवार को छुट्टी के दिन भी करेंसी चेस्ट खोलकर एटीएम में नोटों की फीडिंग की जाएगी। इसके लिए स्टाफ को भी बुलाया गया है, ताकि दूसरे दिन दिवाली पर क्रोइ भी एटीएम खाली न रहे। -प्रत्युश मेहरोत्रा, एजीएम, एसबीआई