बरेली। जंक्शन पर लगी लगेज स्कैन मशीन दुरुस्त है और ठीक काम कर रही है। आरपीएफ ने रविवार को मशीन की खुद जांच कर इस संबंध में साक्ष्यों के साथ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्कैनिंग मशीन मोबाइल जैसा छोटा सामान स्कैन नहीं कर रही लेकिन अगर मोबाइल बैग या किसी लगेज के साथ हो तो यह भी मॉनिटर पर दिख रहा है।
एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने शनिवार को जंक्शन पर चेकिंग की थी। इसके बाद एसपी के हवाले से कहा गया था कि स्कैन मशीन की जांच के लिए उसमें एक एलएमजी और मोबाइल रखा गया तो उसके मॉनिटर पर एलएमजी और मोबाइल दोनों नहीं दिखे। रविवार को आरपीएफ कमांडेंड ने विवेक सिसौदिया ने इस दावे का खंडन कर दिया। आरपीएफ कमांडेंट ने बताया कि एलएमजी स्कैन हो गई थी। मोबाइल छोटी वस्तु है, मशीन लगेज को स्कैन करती है। अगर मोबाइल किसी बैग या लगेज के साथ होता तो वह भी स्क्रीन पर दिखता। रविवार को आरपीएफ के सबइंस्पेक्टर गुरुचरण सिंह ने भी मशीन की बारीकी से जांच कर दावा किया कि मशीन ठीक काम कर रही है। साक्ष्यों के साथ इसकी रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। इधर, एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने भी एलएमजी स्कैन न होने की बात का खंडन किया है। उन्होंने बताया जांच के दौरान एलएमजी स्क्रीन पर दिखी थी, हालांकि मोबाइल नहीं दिखा था। इस बारे में संबंधित अधिकारियों को लिखा गया है।