बरेली। किसान दिवस के मौके पर विकास भवन सभागार में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किसानों से जुड़ी जानकारियों साझा की गईं। डीएम ने बताया कि बीजों पर पचास फीसदी की सब्सिडी मिलेगी। यह राशि सीधे खातों में ट्रांसफर होगी। डीएम ने कहा कि किसान धान की पराली खेतों में न जलाएं। अगर पराली जलाते हैं तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। भ्रमण के लिए आठ टीमों का गठन किया है।
जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि गेहूूं, सरसों और मसूर का बीज विकास खंडों के राजकीय कृषि भंडारण केंद्रों पर भेजा जा रहा है। गेहूं का मूल्य 3300 रुपये, सरसों 6900 रुपये, मसूर 7280 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा। बीजों पर पचास फीसदी सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि में कुछ किसानों के नाम गलत होने के कारण पैसा उनके खातों में नहीं पहुंचा। किसान अपने नाम सही करा लें।