बरेली। मंगलवार को समाधान दिवस के दौरान पीएम आवास को लेकर गड़बड़ी की शिकायत आईं। कुछ लोगों ने अधिकारियों से यह शिकायत भी दर्ज कराई है कि डूडा में उनके फार्म कई साल से पड़े हुए हैं। लाभार्थी चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने इन मामलों में पीओ डूडा से रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
जाटवपुरा के होली चौक के रहने वाले सतपाल सिंह ने तहसील में पहुंचकर समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों से यह शिकायत की कि उन्होंने सितंबर 2016 में प्रधानमंत्री आवास के लिए डूडा में आवेदन किया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने एडीएम सिटी को बताया कि महीनों जांच के बाद जनवरी 2019 में एक जांच हुई थी लेकिन आवास का आवंटन तक नहीं हुआ है। समाधान दिवस में पहुंचे बारादरी के राकेश कन्नौजिया ने अधिकारियों से शिकायत की उन्होंने दिसंबर 2015 को प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था लेकिन इसकी अब तक न तो जांच हुई और न ही आवास आवंटित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इस मामलों में लोगों दूसरे विभागों से संबंधित भी शिकायतें की।